अनोखा मामला: चूहा चोरी होने पर बवाल, 3 युवकों के खिलाफ FIR, वजन 700 ग्राम और कीमत 10 लाख!
बांसवाड़ा: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में चोरी का एक अनोखा मामला दर्ज हुआ है जो आपने शायद कहीं नहीं सुना होगा. जी हां, बांसवाड़ा जिले में एक युवक ने चूहा चोरी होने की 3 युवकों के खिलाफ एफआईआर लिखवाई है.


जानकारी के मुताबिक प्रदेश के आदिवासी बहुल इलाके के सज्जनगढ़ थाना इलाके के पाडला वडखिया गांव में एक पालतू चूहा चोरी हो गया जिसको लेकर चूहे का मालिक पुलिस थाने पहुंच गया. वहीं मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि उन्होंने युवक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पुलिस ने दावा किया है कि वह मामले में जल्द ही खुलासा करेगी.
बता दें कि यह चूहा कोई सामान्य नहीं होकर विशेष खासियत वाला है. जानकारी के मुताबिक चोरी हुआ चूहा कांटेवाले झाऊ किस्म का है जो आमतौर पर काले रंग का होता है और शरीर के ऊपरी हिस्से पर कई कांटे लगे होते हैं.
3 लोगों पर लगा चोरी का आरोप
घटना को लेकर सज्जनगढ़ थाना अधिकारी धनपत सिंह ने जानकारी दी कि जिले के पाड़ला वड़खिया गांव के 62 वर्षीय मंगू खिहुरी ने चूहा चोरी होने की एक रिपोर्ट दी है जिसमें बताया कि उसने घर पर एक झाऊ चूहा पाला हुआ था जो 28 सितंबर की रात को चोरी हो गया.
शिकायत में बताया गया है कि चूहा 700 ग्राम वजनी कांटेदार काले रंग का था जिसे उसके भाई का पोता सुरेश अपने साथी मोहित और अरविंद के साथ मिलकर ले गया. वहीं थानाधिकारी सिंह ने आगे बताया कि इस मामले में आईपीसी की धारा 457 और 380 के तहत चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है और तीनों युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.

