September 27, 2023

Watch Video : 3 लड़कियों ने एक लड़की को बीच सड़क पर जमकर पीटा… रूम मेट्स थीं चारों लड़कियां


अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के देवीगंज रोड पर बुधवार को 3 लड़कियों ने एक लड़की को बीच सड़क पर जमकर पीटा। ये देखकर वहां आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। चारों लड़कियां एक-दूसरे से परिचित थीं और उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।


जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले की रहने वाली सीमा साहू अंबिकापुर के मनोकामना कपड़ा दुकान में काम में करती है। बुधवार दोपहर को जब वो दुकान में काम कर रही थी, तभी उसे इन तीनों लड़कियों ने बाहर बुलाया और उसके साथ मारपीट व गालीगलौज करने लगीं। पहले चारों लड़कियां रूम मेट्स थीं, लेकिन बाद में विवाद होने पर सीमा साहू ने दूसरा घर ढूंढ लिया था। इधर एक लड़की को मार खाते देख वहां मौजूद लोगों ने उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की। फिर भी जब तीनों लड़कियां नहीं मानीं, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाया।

सूचना मिलने पर जब तक कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक तीनों आरोपी लड़कियां फरार हो चुकी थी। पीड़िता ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। उसका कहना है कि तीनों लड़कियों ने उसके परिवार को उसके बारे में गलत बातें बता दी थीं, जिस पर उनके बीच विवाद हो गया था और उसने रूम छोड़ दिया था। उसने कहा कि बाद में उसने भी तीनों लड़कियों की शिकायत उनके परिवार से कर दी थी, इसलिए आरोपी लड़कियां उससे रंजिश रखने लगी थी।

इधर शहर के व्यस्त देवीगंज रोड पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के सामने मारपीट की घटना होने से लोग भी हैरान रह गए। जब तक उनका तमाशा चलता रहा, तब तक वहां जाम लगा रहा। फिलहाल पुलिस पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। तीनों आरोपी लड़कियां फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

तीनों आरोपी लड़कियां स्कूटी से आई थीं। पुलिस उसके नंबर से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वहां एक लड़की को पिटता देखकर भी वे उन्हें छुड़ा नहीं पा रहे थे, क्योंकि वे लड़कियां थीं और उन पर समझाने का कोई असर हो नहीं रहा था। सोशल मीडिया पर भी इस मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है।