1 जून से होने जा रहे कई बड़े बदलाव: आपकी जेब पर पड़ेगा इसका प्रभाव
नई दिल्ली: कल से जून की शुरुआत हो जाएगी. ऐसा देखा जाता है कि हर एक नए महीने की शुरुआत के साथ ही कुछ बदलाव भी होते हैं.


जून 2023 में भी कुछ ऐसे ही बदलाव होने वाले हैं जिनका हमारी जेब और मंथली बजट पर सीधा असर पड़ेगा. इसमें रसोई से लेकर सड़क तक से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं. हालांकि, इन बदलावों से कुछ नुकसान होगा तो कुछ जगह फायदा मिलेगा.
बदल सकते हैं LPG, CNG और PNG के दाम
सरकार की तरफ से हर महीने की शुरुआत में LPG, CNG और PNG के दाम निर्धारित किए जाते हैं. सरकारी तेल कंपनियों की तरफ से अप्रैल और मई के महीने में लगातार 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई थी.
हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई भी बदलाव देखने को नहीं मिला था. ऐसे में यह देखनाहोगा कि जून में सिलेंडर के दाम में बदलाव होता है या नहीं.
महंगे होंंगे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर
1 जून से देश में इलेक्ट्रिक टू व्हीलर्स खरीदना महंगा हो जाएगा. 21 मई को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, भारी उद्योग मंत्रालय ने इलेक्ट्रिक टू व्हीलर पर दी जाने वाली सब्सिडी को घटा दिया है.
पहले यह सब्सिडी 15 हजार रुपये प्रति kWh थी, जिसे घटाकर 10 हजार रुपये प्रति kWh कर दिया गया है. इस वजह से जून में इलेक्ट्रिक टू व्हीलर खरीदना 25- 30 हजार रुपये तक महंगा होने का अनुमान है.
1 जून से बैंक खोज-खोज कर लौटाएंगे लोगों के पैसे
आरबीआई ने बैंकों में पड़े बिना दावे वाले डिपॉजिट्स के वारिस को खोजने के लिए अभियान चलाने का ऐलान किया है. केंद्रीय बैंक ने सभी बैंकों के लिए ‘100 Days 100 Pays’ अभियान की घोषणा की है, ताकि देश के प्रत्येक जिले में 100 दिनों के भीतर बैंक के टॉप 100 अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स रकम का पता लगाया जा सके और उसका निपटान किया जा सके. यह अभियान 1 जून से शुरू होगा.

