करवा चौथ आज: महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए रखेंगी निर्जला व्रत
आज कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि है. आज करवा चौथ का व्रत रखा जाता है. इस साल करवा चौथ का व्रत आज 1 नंवबर 2023 दिन बुधवार को है. इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत करती हैं.


करवा चौथ का व्रत पूरे दिन निर्जला रखा जाता है और रात में चांद का दर्शन करने के बाद व्रत का पारण किया जाता है. करवा चौथ के दिन महिलाएं 16 श्रृंगार कर सजती संवरती हैं. आइए जानते है करवा चौथ व्रत से जुड़ी पूरी जानकारी…
चंद्रोदय का समय:
Karva Chauth 2023: करवा चौथ का चंद्रोदय समय आज 1 नवंबर 2023 को शाम 8 बजकर 26 मिनट चंद्रोदय होगा. हालांकि शहर के हिसाब से कुछ मिनट का अंतर हो सकता है.
करवा चौथ व्रत पूजा का शुभ मुहूर्त करवा चौथ व्रत पूजा के लिए शुभ मुहूर्त 1 नवंबर 2023 को शाम 5 बजकर 44 मिनट से लेकर शाम 7 बजकर 2 मिनट तक रहेगा. कुल अवधि 1 घंटा 18 मिनट की है.
करवा चौथ पूजन सामग्री:
Karva Chauth 2023: करवा चौथ पूजन सामग्री आप करवा चौथ की पूजा में पानी, थाली, मिट्टी का दीपक, चांदी का कटोरा, गंगाजल, मिठाई, चांदी की थाली, और चांदी के कलश शामिल करें. इसके साथ ही आप चंदन, शहद, अगरबत्ती, पुष्प, कच्चा दूध, शक्कर, शुद्ध घी, दही, अक्षत (चावल), सिंदूर, मेहंदी, महावर, कंघा, बिंदी, चुनरी, चूड़ी, बिछुआ, मिट्टी का टोंटीदार करवा व ढक्कन, दीपक, रुई, कपूर, गेहूं, शक्कर का बूरा, हल्दी, जल का लोटा, गौरी बनाने के लिए पीली मिट्टी, लकड़ी का आसन, चलनी, आठ पूरियों की अठावरी, हलुआ आदि को शामिल कर सकते है.

