छत्तीसगढ़ में आज थमेगा चुनाव प्रचार: पहले चरण में इन विधानसभा क्षेत्रों में होगा मतदान
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा निवार्चन 2023 अंतर्गत प्रथम चरण में 7 नवम्बर मतदान तिथि वाले विधानसभा क्षेत्रों में रविवार 5 नवम्बर को शाम पांच बजे तक प्रचार थम जाएगा।


सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान समय वाले विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार 5 नवंबर को दोपहर तीन बजे तक और सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान समय वाले विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी 5 नवम्बर को शाम पांच बजे तक प्रचार कर सकेंगे। मतदान समाप्ति समय के 48 घंटे पूर्व से सार्वजनिक मंचों से प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा।
assembly elections 2023: प्रथम चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 223 उम्मीदवार हैं जिनमें 198 पुरूष तथा 25 महिला हैं। प्रथम चरण के लिए 40 लाख 78 हजार 681 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें 19 लाख 93 हजार 937 पुरुष मतदाता, 20 लाख 84 हजार 675 महिला मतदाता तथा 69 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। प्रथम चरण में निर्वाचन हेतु कुल 5304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
assembly elections 2023: पहले चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में से दस विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक तथा दस विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इनमें पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।
वहीं मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक वोट डाले जाएंगे।
assembly elections 2023: राज्य में प्रथम चरण में मतदान वाले अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 13, भानुप्रतापपुर में 14, कांकेर में 9, केशकाल में 10, कोंडागांव में 8, नारायणपुर में 9, बस्तर में 8, जगदलपुर में 11, चित्रकोट में 7, दंतेवाड़ा में 7, बीजापुर में 8 , कोंटा में 8, खैरागढ़ में 11, डोंगरगढ़ में 10, राजनांदगांव में 29, डोंगरगांव में 12, खुज्जी में 10, मोहला-मानपुर में 9, कवर्धा में 16 तथा पंडरिया में 14 अभ्यर्थी निर्वाचन में भाग ले रहे हैं।

