BJP के वरिष्ठ नेता देवेंद्र प्रताप सिंह ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन, कहा- छोटे से कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया, यह केवल भाजपा में ही संभव
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ से बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार देवेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में राज्यसभा सदस्य के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।


इस खास मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, ओपी चैधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक, सहित भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद थे.
बता दें कि राजा देवेंद्र प्रताप सिंह जनजाति समाज से आते हैं और रायगढ़ राज परिवार से हैं। राजा चक्रधर की याद में छत्तीसगढ़ में चक्रधर समारोह आयोजित किया जाता हैं देवेंद्र प्रताप सिंह इन्ही के परपोते है। राजा देवेंद्र प्रताप सिंह के पिता स्व. सुरेंद्र प्रताप सिंह दो दशक तक लैलूंगा विधानसभा से विधायक थे।
आज विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल करने के बाद देवेंद्र प्रताप सिंह ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि उन्हें मीडिया से यह जानकारी मिली कि उन्हें राज्यसभा के लिए भाजपा का प्रत्याशी बनाया गया है.
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास नहीं हो रहा था कि मुझे जैसे ही छोटे से कार्यकर्ता को भारतीय जनता पार्टी इतना आगे पहुंचा देगी। मुझे इस बात की जानकारी लगभग आधे घंटे बाद हुई जब मैंने प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल जी से बात किया।
उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए की। उसके पहले मैं रेलवे विभाग में सरकारी नौकरी में था नौकरी से इस्तीफा देकर मैंने 2003 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
तब से लगातार भारतीय जनता पार्टी एवं संघ से जुड़ा हुआ हूं। उन्होंने राज्यसभा सदस्य के लिए प्रत्याशी बनाए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार प्रकट किया।

