शराब प्रेमियों के लिए खुशखबरी! अब दुकानों में होगा कैशलेस भुगतान, पहले इन शॉप को मिलेगी सुविधा
रायपुरः आधुनिक युग में पूरे देश में डिजिटल पेमेंट का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। अब किराना से लेकर कपड़ों तक सब ऑनलाइन और कैशलेस पेमेंट के माध्यम से किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब छत्तीसगढ़ में शराब प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने निकलकर आई है। बीजेपी सरकार में अब दुकानों में कैशलेस शराब बिक्री की सुविधा शुरू होने जा रही है।


दरअसल, नई आबकारी नीति के तहत शराब बेचने के नए सिस्टम पर काम किया जा रहा है। इसके चलते दुकानों में लगे क्युआर कोड को स्कैन करने के बाद शराब की बिक्री की जाएगी। अभी इसकी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरूआत की जा रही है। जिसके तहत प्रीमियम वाइन शॉप में पीओएस द्वारा क्रेडिट /डेबिट कार्ड के जरिए पेमेंट करने के इंतजाम किए जाएंगे।
वाइन शॉप पर होगा ऑनलाइन पेमेंट
प्रदेश में विष्णुदेव साय की अगुआई में बीजेपी की सरकार बनने के बाद आबकारी विभाग नई नीति पर काम कर रहा है। इसके तहत शराब दुकानों में ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा शुरू होने जा रही है। वाइन शॉप में फिक्स रेट से अधिक पैसा वसूलने की शिकायत मिलने के बाद साय सरकार ऐसा कदम उठाने जा रही है।
अब नहीं ले पाएंगे अधिक कीमत
छत्तीसगढ़ में वाइन शॉप पर ऑनलाइन और यूपीआई के जरिए पेमेंट होने की सुविधा शुरू होने से वाइन शॉप ऑनर उपभोक्ताओं से शासन की तरफ से तय की गई कीमत से अधिक मूल्य नहीं ले सकेंगे।
वाइन खरीदने के लिए स्कैन करना होगा क्यूआर कोड
छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने वाइन शॉप पर क्यूआर कोड लगाने की शुरुआत कर दी है। अथोराइज्ड बैंको से क्यूआर कोड प्राप्त किया जा रहा है। जिसे प्रदेश की सभी शराब दुकानों में चिपकाया जाएगा। अब कन्ज्यूमर क्यूआर कोड को स्कैन करके शराब की निर्धारित मूल्य पर खरीदी कर सकेगा।
एटीएम कार्ड से भी कर सकेंगे पेमेंट
प्रदेश की प्रीमियम विदेशी शराब दुकानों में पायलट प्रोजेक्ट के तरहत पीओएस मशीन की सुविधा दी जाएगी। पीओएस मशीन की मदद से उपभोक्ता क्रेडिट या फिर डेबिट कार्ड के जरिए शराब की कीमत का पेमेंट करेंगे। यदि यह प्रोजेक्ट सफल हो जाता है तो इसके बाद ही प्रदेश की अन्य सभी दुकानों में इस टेक्नोलॉजी को शुरू किया जाएगा।

