August 17, 2026

Narendra Modi 3.0: आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी, पंडित नेहरू के 62 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे

IMG_20240609_102213

नई दिल्ली: मोदी 3.0 के संभावित मंत्रियों को फोन पहुंचना शुरू हो गए हैं। शपथ से पहले सभी मंत्रियों के साथ पीएम मोदी चाय पर चर्चा करेंगे।


इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह महात्मा गांधी और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पहुंचे। उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद PM ने वॉर मेमोरियल जाकर शहीदों को नमन किया। वे आज शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार शपथ लेंगे।

शपथ लेने के साथ ही मोदी पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू के लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के 62 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।

नेहरू 1952, 1957 और 1962 में लगातार 3 बार विजयी होकर पीएम बने थे। हालांकि, नेहरू की सरकार पूर्ण बहुमत की थी। मोदी की तीसरी पारी गठबंधन की बुनियाद पर चलेगी।

देश में 1990 के दशक से गठबंधन की राजनीति चल रही थी। इस चलन को मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत हासिल करके तोड़ा था। हालांकि, 2024 में भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई और बहुमत के लिए उसे अपने सहयोगी दलों की जरूरत पड़ी।

7 जून को संसद के सेंट्रल हॉल में हुई मीटिंग में NDA नेताओं ने मोदी को अपना नेता चुन लिया। अब शपथ का इंतजार है। समारोह में चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान को छोड़कर 7 पड़ोसी देशों- श्रीलंका, बांग्लादेश, मालदीव, सेशेल्स, मॉरिशस, नेपाल और भूटान के राष्ट्र प्रमुख शामिल होंगे।


You may have missed