छत्तीसगढ़ मानसून अपडेट: रायपुर सहित 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर एक बार फिर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.


कोरबा, रायगढ़, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला, बिलासपुर, कोरिया, जशपुर, सरगुजा के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कई जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है.
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक 1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में 212.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है. प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 1 जून से 4 जुलाई तक सबसे ज्यादा बारिश बीजापुर जिले में 300.8 मिलीमीटर दर्ज की गई है. वहीं सबसे कम बारिश सरगुजा जिले में 149.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, गौरेल-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं खैरागढ़, बेमेतरा, बालोद, राजनांदगांल, कवर्धा, दुर्ग, कांकेर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और बस्तर में भी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के कहना है कि छत्तीसगढ़ में 7 जुलाई से बारिश की एक्टिविटी और बढ़ सकती है. बस्तर संभाग के सभी जिलों में 6 से 8 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसी तरह रायपुर संभाग में भी हल्की बारिश हो सकती है. वहीं रविवार को दुर्ग संभाग के जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

