नक्सलियों की कायराना करतूत: IED बम की चपेट में आने से दो जवान शहीद, CM साय ने जताया शोक
नारायणपुर: ITBP के दो जवान माओवादियों के लगाए IED बम की चपेट में आने से शहीद हो गए. शहीद होने वाले दोनों जवान भारत तिब्बत सीमा पुलिस के हैं.


पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार दोपहर 12 बजे की है. फोर्स अबूझमाड़ के कोडलियार गांव के पास रुटीन सर्चिंग अभियान के दौरान पहुंची. तभी नक्सलियों के लगाए IED बम की चपेट में जवान आ गए. घटना में दो जवान शहीद हो गए जबकी दो पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हुए हैं. घायल जवानों का इलाज चल रहा है.
अबूझमाड़ में 2 जवान शहीद
पुलिस के मुताबिक सीमा सुरक्षा बल, ITBP और जिला रिजर्व गार्ड की टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी. फोर्स जब कोडलियार गांव के पास पहुंची तो नक्सलियों के लगाए IED में विस्फोट हो गया. घटना के वक्त फोर्स गश्त कर वापस लौट रही थी. घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है.
शहीद होने वाले जवानों में अमर पवार हैं जो महाराष्ट्र के सतारा के रहने वाले थे. दूसरे शहीद जवान का नाम राजेश है. शहीद जवान राजेश आंध्र प्रदेश के कड़पा के रहने वाले थे. दोनों ही जवान ITBP की 53वीं बटालियन में थे.
CM साय ने जताया शोक
नारायणपुर जिले के ग्राम कोडलियर के समीप जंगल में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से आईटीबीपी के 2 जवान वीरगति को प्राप्त हो गए.
ब्लास्ट में 2 पुलिस जवानों के घायल होने की भी दुःखद सूचना प्राप्त हुई है. ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं

