March 10, 2026

CM ने खोला नौकरी का पिटारा: 19 विभागों में 8971 पदों पर होगी भर्ती, जानिए इससे जुड़ी पूरी खबर


रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवाओं को एक अच्छी खबर दी है. बता दें कि छत्तीसगढ़ शासन में बड़े पैमाने पर युवाओं के भर्ती की प्रकिया शुरू हो गई है.


सीएम विष्णुदेव साय की पहल पर अब तक लगभग 19 विभागों में 8971 पदों की भर्ती के लिए वित्त विभाग ने अपनी मंजूरी दे दी है. इसकी जानकारी सीएम विष्णुदेव साय ने X पर पोस्ट करते हुए दी है.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशव मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आज नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, विद्युत निरीक्षक कार्यालय एवं न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में कुल 151 पदों पर भर्ती को स्वीकृति दी है. इन नई भर्तियों से न केवल विभागों की दक्षता और कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को नई दिशा और गति भी मिलेगी.

अब तक हमारी सरकार ने 19 विभागों में कुल 8971 पदों पर भर्ती को स्वीकृति दी है, जो प्रदेश के मेधावी छात्रों को, शासकीय सेवा के उनके सपने को साकार करने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है. प्रदेश के होनहार युवा, अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करें. हमारी सरकार आपके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.”

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय लगातार प्रदेश के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार में नए अवसर प्रदान करने के लिए कार्य कर रहे हैं.

सीएम साय की पहल पर पुलिस विभाग सहित अन्य शासकीय भर्तियों में युवाओं के लिए निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट भी दी जा ही है.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद वित्त विभाग से स्वीकृति मिल गई है. जिसके बाद से स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, गृह विभाग, विधि विभाग, आदिम जाति कल्याण, वन एवं पर्यावरण विभाग, उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, एनआरडीए, विद्युत विभाग अपने-अपने विभागों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने में लग गए हैं. इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे.

नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में 96 पदों पर भर्ती
नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में कुल 96 रिक्त पदों के तहत प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) और प्रबंधक (जनसंपर्क) के 1-1 पदों पर एवं सहायक अभियंता (सिविल/लो.स्वा.या) के 8, सहायक अभियंता (विद्युत), सहायक अभियंता (यांत्रिकी) तथा सहायक अभियंता (आईटी/कम्प्यूटर साइंस) के 1-1 पदों पर भर्ती की जाएगी|

इसके अलावा सहायक योजनाकार/वास्तुकार के कुल 4, सहायक प्रोग्रामर के 3, सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 2, उप अभियंता (सिविल/लो.स्वा.या) के 21, उप अभियंता (यांत्रिकी) और उप अभियंता (आईटी/कम्प्यूटर साइंस) के 1-1 शीघ्रलेखक (हिन्दी/अंग्रेजी) के 13, लेखापाल के 3, सहायक मानचित्रकार के 4, अनुरेखक के 4 और सहायक ग्रेड-03 के 26 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है।

इसी तरह मुख्य विद्युत निरीक्षक कार्यालय में कुल 27 पदों पर भर्ती को वित्त से स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसमें उपअभियंता के 13, सहायक ग्रेड-3 के 6, विद्युतकार के 5 और जांच अनुचर के 3 पद शामिल हैं। इसी तरह राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में वैज्ञानिक अधिकारी के 28 रिक्त पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।


You may have missed