मौसम अपडेट: MP–CG सहित 17 राज्यों में कोहरे का अलर्ट, जानिए आपके शहर और राज्य के मौसम का हाल

नई दिल्ली, मौसम अपडेट: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को 17 राज्यों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले शनिवार को विभाग ने 7 राज्यों में अलर्ट जारी किया था।


इन राज्यों में बारिश की संभावना
घने कोहरे की वजह से शनिवार को 47 ट्रेनें लेट रही थीं। मौसम विभाग ने रविवार को तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में बारिश की संभावना भी जताई है।
जयपुर में बारिश की संभावना
उधर जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 और 22 जनवरी को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। बीते दिन तड़के घने कोहरे की वजह से जयपुर-अजमेर हाईवे पर किशनगढ़ के पास 3 सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। 4.9°C तापमान के साथ सिरोही सबसे ठंडा रहा।
हिमाचल में भारी बर्फबारी
बीते दिन हिमाचल में भारी बर्फबारी के चलते नेशनल हाईवे 3, नेशनल हाईवे 305 और अटल टनल बंद कर दी गई। 10 शहरों का पारा माइनस में रहा। कुकुमसेरी में सबसे कम -12°C तापमान रहा।
UP के कई जिलों में विजिबिलिटी कम
जबकि UP के कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक घट गई। कोहरे के चलते कानपुर में 36 और आगरा में 10 ट्रेनें लेट आईं। ठंड के कारण कानपुर, मेरठ, आगरा और वाराणसी में 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए।
मध्यप्रदेश का मौसम
अशोकनगर में सुबह घना कोहरा छाया रहा। लोग वाहनों की हेडलाइट जलाकर स्कूल-दफ्तर निकले। मध्यप्रदेश का आधा हिस्सा कोहरे से ढंक गया है। रविवार सुबह 20 से ज्यादा जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग ने आज शाजापुर, सीहोर, रायसेन, रतलाम और सिंगरौली में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ का मौसम
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने वाला है, जिससे ठंड में बढ़ोतरी होने वाली है। बीते दिनों बादल छाए रहने की वजह से ठंड कम हो गई थी, बादल छटने से एक बार फिर अच्छी ठंड पड़ने वाली है। वहीं सरगुजा संभाग में कोहरा का अलर्ट जारी है।
