Dhamtari Murder News: बीड़ी से शुरू हुआ विवाद बना खूनखराबे की वजह: रायपुर के तीन युवकों की निर्मम हत्या, आठ आरोपी गिरफ्तार
Dhamtari Murder News: रायपुर: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब रायपुर से खाना खाने आए पांच युवकों में से तीन की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। यह दर्दनाक घटना मथुराडीह मोड़ स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास घटी, जहां करीब 8 से 10 हमलावरों ने सुनियोजित ढंग से हमला कर दिया।


मृतकों की पहचान नितिन तांडी, सुरेश टांडी और आलोक सिंह के रूप में हुई है, जो रायपुर के सुमित नगर और नहरपारा इलाके के रहने वाले थे। दो अन्य युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे।
धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई और रातभर की छानबीन के बाद अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। सभी आरोपी आसपास के गांव — मथुराडीह, भोयना और कोर्रा — के रहने वाले हैं, और दिहाड़ी मजदूर हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी नशे की हालत में थे और ढाबे में खाना खाने के बाद पैसे मांगने पर उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, ढाबे में बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद तब और भड़क गया, जब आरोपियों में से एक ने रायपुर से आए युवकों से बीड़ी मांगी। बीड़ी नहीं मिलने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने अचानक चाकू निकाल लिए और रायपुर के युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ढाबे में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और ढाबा कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल से एक-दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया था, जबकि बाकी आरोपी फरार हो गए थे। लेकिन पुलिस ने रातभर सघन अभियान चलाकर सुबह तक सभी को धर दबोचा। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू और अन्य हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आज शाम तक पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह एक आपसी रंजिश नहीं बल्कि अचानक भड़के नशे और उत्तेजना का नतीजा प्रतीत होता है।
यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ते असहिष्णुता और हिंसक प्रवृत्ति पर भी चिंता का विषय बन चुकी है। रायपुर से महज कुछ घंटों की दूरी पर स्थित धमतरी जैसे शांत क्षेत्र में इस प्रकार की घटना ने स्थानीय नागरिकों को हिला कर रख दिया है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी मजदूरी करने वाले हैं और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड पहले नहीं था। लेकिन नशे में धुत्त होकर एक मामूली विवाद को इस हद तक ले जाना एक गंभीर सामाजिक प्रश्न खड़ा करता है
धमतरी पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

