Raipur Gokashi News: राजधानी में गौकशी का मामला, भारी मात्रा में गौ मांस बरामद, पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा
Raipur Gokashi News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गौकशी का एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, विधानसभा थाना क्षेत्र के छपोरा गांव में एक घर से भारी मात्रा में गाय का मांस (Raipur Gokashi News) बरामद हुआ है। इस घटना से इलाके में सनसनी और आक्रोश दोनों फैल गया।


घटना की जानकारी मिलते ही गौ-सेवक संगठन और शिव सैनिक मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। सूचना पर विधानसभा थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
कल शाम से लापता थी गाय, आज मिला मांस का ढेर
प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि गाय बीती 1 नवंबर की शाम से लापता थी। गाय के मालिक ने बताया कि उसकी 8 साल पुरानी गाय रोज की तरह घर से चरने निकली थी, लेकिन रात को वापस नहीं लौटी।
सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पता चला कि गांव के ही इंदल चंद लहरी ने गाय को काटकर उसका मांस निकाल लिया और चमड़ी को बेचने की कोशिश कर रहा था।
मृत गाय की चमड़ी निकाल बेचने का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इंदल चंद लहरी मृत गायों की चमड़ी निकालकर बेचने का काम करता है। हालांकि, इस बार उस पर जानबूझकर गौकशी करने और मांस बेचने की कोशिश का आरोप लगा है।
गाय का सिर गांव के ही वार्ड नंबर 14 के पास पड़ा मिला। गाय मालिक की शिकायत पर पुलिस ने इंदल चंद लहरी समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं, घटनास्थल से गौ मांस के अवशेष और एक चारपहिया वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस ने किया केस दर्ज, जांच जारी
विधानसभा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में गौकशी अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
तीनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यह साफ होगा कि गाय की पहले मौत हो गई थी या जानबूझकर हत्या की गई। इधर, गौ-सेवक संगठनों ने गौ तस्करी की आशंका जताते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।





