Katha Vachak Yuvraj Pandey Ka Accident:कथावाचक आचार्य युवराज पांडे का एक्सीडेंट…कार को ट्रक ने मारी टक्कर, कथावाचक ने कहा– यह हादसा नहीं…
Katha Vachak Yuvraj Pandey Ka Accident: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य युवराज पांडे की कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में आचार्य युवराज पांडे बाल-बाल बच गए (Katha Vachak Yuvraj Pandey Ka Accident) हालांकि उनकी कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना गरियाबंद के कुम्हारपारा इलाके के पास की बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, आचार्य युवराज पांडे साखरा (बसना) में कथा कार्यक्रम संपन्न करने के बाद अपने गृह ग्राम अमलीपदर लौट रहे थे। इसी दौरान कुम्हारपारा के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आचार्य युवराज पांडे ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि यह उन पर सातवां हमला है। उन्होंने आशंका जताई कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश हो सकती है। आचार्य ने कहा कि उन्हें लंबे समय से किसी अज्ञात व्यक्ति या गिरोह से खतरा महसूस हो रहा है और इस संबंध में वे पहले भी प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत दे चुके हैं।
आचार्य युवराज पांडे ने कहा, मुझे लगातार भय बना हुआ है। बार-बार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। आखिर कौन है जो मुझ पर हमला करवा रहा है?”
हादसे के बाद वे शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाना पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले में एडिशनल एसपी जितेन्द्र चंद्राकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह एक सड़क दुर्घटना प्रतीत होती है। हालांकि, कथावाचक द्वारा पूर्व में की गई शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। कथावाचक के ड्राइवर की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह घटना महज एक हादसा थी या इसके पीछे किसी तरह की साजिश छिपी हुई है।

