Raipur Sex Racket: रायपुर में सेक्स रैकेट…स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, 2.5 साल बाद मास्टरमाइंड गिरफ्तार


Raipur Sex Racket: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सेक्स रैकेट (Raipur Sex Racket) के एक बड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में संचालित द माइंड वेलनेस स्पॉ सेंटर के संचालक और इस पूरे रैकेट के मुख्य आरोपी पिंटू जायसवाल उर्फ गजेंद्र जायसवाल को पुलिस ने 2.5 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
मामला थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 311/23 से जुड़ा है, जिसमें धारा 4, 5, 7 पीटा एक्ट एवं धारा 370 भादवि के तहत कार्रवाई की गई थी। 24 जून 2023 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने शंकर नगर स्थित स्पॉ सेंटर पर छापा मारा था। इस दौरान स्पॉ की मैनेजर आशियाना यादव (थर्ड जेंडर) और सहायक मैनेजर राकेश महानंद को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था, जबकि स्पॉ सेंटर का संचालक पिंटू जायसवाल घटना के बाद से फरार था। नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन रमाकांत साहू के निर्देशन में आरोपी की पतासाजी के लिए तकनीकी विश्लेषण किया गया। साथ ही उसके गृह ग्राम कलमी बरमपुर, जिला मुंगेली समेत अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।
लगातार प्रयासों के बाद थाना सिविल लाइन और एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को धर दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस देह व्यापार नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे।


