रायपुर में युवती की संदिग्ध मौत: बॉयफ्रेंड के घर फंदे पर लटकी मिली लाश, सामने आई हैरान कर देने वाली वजह
रायपुर 21 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। संतोषी नगर इलाके में रविवार को 19 साल की युवती कविता दास की लाश उसके कथित प्रेमी महफूज खान के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इस घटना ने न केवल इलाके में हड़कंप मचा दिया है, बल्कि कविता के परिजनों ने बॉयफ्रेंड पर हत्या का गंभीर आरोप लगाकर न्याय की मांग की है।


क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 19 अप्रैल की देर रात की है। कविता उस वक्त महफूज खान के घर पर मौजूद थी। रविवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो घरवालों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। खिड़की से झांकने पर कविता फंदे से लटकी हुई नजर आई। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने क्या आरोप लगाए ?
इस दुखद घटना के बाद कविता के परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा है। उनका आरोप है कि महफूज खान लंबे समय से कविता पर शादी का दबाव बना रहा था और लगातार उसके साथ मारपीट करता था। परिजनों ने बेहद चौकाने वाला दावा किया है कि आरोपी कई बार इंस्टाग्राम पर लाइव आकर युवती के साथ मारपीट करता था, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए इसे ‘हत्या’ करार दिया है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का क्या कहना है ?
इधर, पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
टिकरापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आरोपी महफूज खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों और गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

