September 28, 2026

डॉग ‘बाघा’ ने खोला हत्या का राज VIDEO: पत्नी-भाभी को शराब पिलाने से पड़ोसी हुआ नाराज, पत्थर से कुचलकर की महिला की हत्या

IMG-20260928-WA0001

कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकहड़ा में 24 वर्षीय महिला सुखमनिया एक्का की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि महिला का पड़ोसी सहस राम मिंज था। आरोपी महिला द्वारा उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाने से नाराज था। इसी गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया।


23 सितंबर को मिला था महिला का शव

दरअसल, 23 सितंबर को ग्राम लैंगा के पास लोकहड़ा में खेत के नजदीक सुखमनिया एक्का का शव संदिग्ध हालत में मिला था। महिला के सिर पर पत्थर से वार किए जाने के निशान थे। सूचना पर पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने फोरेंसिक, साइबर और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की। घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

डॉग ‘बाघा’ ने पहुंचाया आरोपी के घर तक

लोकहड़ा वनांचल क्षेत्र में स्थित है, जहां तकनीकी और संचार सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से सुराग लेकर करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक घर तक पुलिस को पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने घर में रहने वाले सहस राम को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।

पूछताछ में हत्या की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में आरोपी सहस राम ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि सुखमनिया उसकी पत्नी की सहेली थी और दोनों के घर करीब 50 मीटर की दूरी पर थे।

आरोपी के मुताबिक सुखमनिया उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाती थी। उसने कई बार उसे ऐसा करने से मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी।

गुस्से में पीछा कर पत्थर से किया हमला

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर की शाम वह बकरी चराकर घर लौटा था। उस समय उसकी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया शराब के नशे में थीं। गुस्से में उसने सुखमनिया को घर से भगा दिया।

इसके बाद जब सुखमनिया अपने चाचा के घर जा रही थी, तो आरोपी ने उसका पीछा किया। मुडहीकुवां खेत के पास सुनसान जगह पर उसने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी सहस राम मिंज पिता प्रेम सिंह (38), निवासी ग्राम लोकडहा उरांवपारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में की गई।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jkc News Web Portal (@jkcnews)


You may have missed