June 9, 2026

सीएम समेत 6 बड़े अफसरों के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस ने पहले भेजा था सभी को समन

SIMAA

गुवाहाटी। मिजोरम पुलिस ने कोलासिब जिले के वैरेंगते नगर के बाहरी हिस्से में हुई हिंसा के मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, राज्य पुलिस के चार वरिष्ठ अधिकारियों और दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। मिजोरम के पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) जॉन एन ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास और आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


उन्होंने कहा कि सीमा नगर के पास मिजोरम और असम पुलिस बल के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद सोमवार देर रात को राज्य पुलिस द्वारा वैरेंगते थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि असम पुलिस के 200 अज्ञात कर्मियों के खिलाफ भी मामले दर्ज किये गए हैं।

इन अधिकारियों को 28 जुलाई को समन जारी किये गये थे। इससे दो दिन पहले कछार जिले के लैलापुर में असम और मिजोरम पुलिस बलों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें असम पुलिस के पांच कर्मी और एक निवासी की मौत हो गई थी जबकि 50 से अधिक अन्य घायल हो गए थे। इस मामले के संबंध में एक मामला धोलाई पुलिस थाने में दर्ज है।

पुलिस उपाधीक्षक कल्याण कुमार दास द्वारा सभी अधिकारियों को जारी अलग-अलग समन में कहा गया कि एक उचित और विश्वसनीय जानकारी प्राप्त हुई है कि आपने कथित संज्ञेय अपराध किया है। इस बारे में संपर्क करने पर कछार की पुलिस अधीक्षक रमनदीप कौर ने समन के बारे में पुष्टि की है।


You may have missed