सेक्स रैकेट चला रहा था बांग्लादेशी दलाल, 10 साल में 5000 से ज्यादा लड़कियों की सप्लाई
इंदौर. इंदौर पुलिस ने अब तक के सबसे बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है. उसने लड़की सप्लाय करने वाले अब तक के सबसे बड़े दलाल विजय दत्त उर्फ मोमिन को पकड़ा है. वो पूरे देश में 5 हजार से ज्यादा लड़कियां सप्लाई कर चुका है. ये दलाल बांग्लादेशी है जो भारत में 10 साल से अपना नाम और धर्म बदलकर रह रहा था और यहां गंदा धंधा कर रहा था.


लड़कियों की आड़ में वो मादक पदार्थों भी सप्लाई कर रहा था. उसकी पत्नी बांग्लादेश में समाज कल्याण के नाम पर एक NGO बनाकर उसकी आड़ में बांग्लादेश से लड़कियां भेजती थी. ये दलाल भारत का राशन कार्ड, पासपोर्ट तक बनवा चुका है और एक शादी भारत में भी कर चुका है.
इंदौर की विजय नगर पुलिस ने अब तक के सबसे बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने दो युवतियों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह का मुख्य सरगना विजय दत्त उर्फ़ मोमिन है जो बांग्लादेश का रहने वाला है.
इस गंदे धंधे में मोमिन की पत्नी भी शामिल थी. काम इतने शातिराना तरीके से चल रहा था कि किसी को भनक तक न लग पाए. मोमिन की पत्नी बांग्लादेश में एक एनजीओ की आड़ में लड़कियों को फंसाती थी और फिर उन्हें भारत भेज कर देह व्यापार में फंसा देती थी.
अब तक 5 हजार युवतियों का सौदा
मोमिन का रैकेट कितना फैला हुआ था इसका अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि वो अब तक पांच हजार से ज्यादा लड़कियों को भारत के विभिन्न हिस्सों में देह व्यापार के लिए भेज चुका है. गिरोह का खुलासा होने के बाद कई गोपनीय सुरक्षा एजेंसी अलर्ट पर आ गई हैं.
एक साल पहले पकड़ी थीं 21 लड़कियां
इंदौर की विजय नगर थाना पुलिस ने एक साल पहले एक सेक्स रैकेट का खुलासा कर 21 युवतियों को मुक्त कराया था. सभी ने एक ही बात कही थी कि उन्हें विजय दत्त उर्फ मोमिन बांग्लादेश से चोरी के रास्ते बॉर्डर क्रॉस कर इंदौर भेजता था.
लेकिन सालभर तक विजय दत्त को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी. इसी महीने पुलिस ने एक और सेक्स रैकेट पकड़ा. इसमें भी बांग्लादेशी युवतियां मिलीं. उन लड़कियों ने भी मोमिन का नाम लिया. इससे पुलिस का संदेह पुख्ता हो गया कि विजय दत्त उर्फ मोमिन ही भारत भर में लड़कियों का सबसे बड़ा सप्लायर है.
ऐसे पकड़ा गया मोमिन
पुलिस ने मोमिन को पकड़ने के लिए एक टीम बनायी. वो लगभग एक सप्ताह से मुंबई में डेरा डाले हुए था. पुलिस भी उसे ढूंढती हुई पहुंच गयी. मोमिन को भनक लगी तो वो भाग कर इंदौर आकर छुप गया. लेकिन पुलिस तो उस पर लगातार नजर बनाए हुए थी. इसलिए मोमिन यहां पकड़ा गया.
इतनी लड़कियां लाया कि याद नहीं…
पुलिस ने मोमिन के कब्जे से 14 मोबाइल फोन और एमडीएमए मादक पदार्थ जब्त किया है. पूछताछ में उसने कबूल किया है कि उसने जाली दस्तावेज तैयार करवाए हैं और वह भारत के विभिन्न हिस्सों में लड़कियां सप्लाय करता है. वो अब तक इतनी लड़कियां सप्लाई कर चुका है कि उनकी संख्या भी नहीं बता पा रहा. लेकिन इतना जरूर कहा कि यह संख्या हजारों में होगी.
एक दिन में एक लड़की को 6 ग्राहकों को भेजता था
विजय उर्फ़ मोमिन झांसा देकर बांग्लादेश बॉर्डर से चोरी छुपे युवतियों को भारत लाता था. फिर उन्हें नशीला पदार्थ देकर फांस लेता था और देह व्यापार के लिए मजबूर कर देता था. नया देश और भाषा होने के कारण लड़कियां किसी से शिकायत नहीं कर पाती थीं. गिरोह इसी का फायदा उठा रहा था. वो एक लड़की को एक दिन में कम से कम आधा दर्जन ग्राहकों के पास भेजता था. उसके बाद उन्हें नशे की लत लगाता था. ताकि उनकी सेक्स की क्षमता और बढ़ सके और वह विरोध भी नहीं कर सकें.

