April 24, 2026

देवर ने भाभी पर किया हथियार से जानलेवा हमला, जानिए क्या है पूरा मामला

crime

बिलासपुर। जमीन विवाद में देवर ने अपनी भाभी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।


कोनी क्षेत्र के बिरकोना में रहने वाले मुकेश साहू जांजगीर जिले में स्थित निजी कंपनी में काम करते हैं। वे तीन दिसंबर को अवकाश पर बिरकोना स्थित घर आए हैं। मंगलवार की सुबह छह बजे उनकी मां कैलाश साहू टहलने के लिए बाहर गई थीं। जब वे लौटीं तो घर के सामने उनका देवर ओमप्रकाश अपनी पत्नी रंगदेवी के साथ खड़ा था। दोनों के हाथ में धारदार हथियार थे। कैलाश देवी के घर के सामने पहुंचते ही दोनों ने जमीन विवाद को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर पति-पत्नी ने महिला पर हमला कर दिया।

हमले से घबराई महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर मुकेश घर से बाहर निकले। अपनी मां पर हमला होता देख उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर दोनों ने मुकेश पर भी धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले से मुकेश को भी चोटे आई है। जानलेवा हमला करने के बाद पति-पत्नी भागकर अपने घर में जाकर छिप गए। मुकेश ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी देकर आहत मां को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

छह साल से चल रहा विवाद
घायल कैलाश के परिवार का ओमप्रकाश से पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला छह साल से न्यायलय में लंबित है। इसे लेकर दोनों पक्ष के बीच कई बार विवाद हो चुका है। दोनों के घर अगल-बगल में होने के कारण आए दिन दोनों पक्ष के बीच बहस भी हो जाती है। मंगलवार की सुबह भी इसी बात को लेकर विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।


You may have missed