दो वर्षीय मासूम की मौत: पांच साल के बच्चे के हाथ से चला फावड़ा, बिल खोदकर निकाल रहे थे चूहा
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर के पंडरापाठ कोरवा बस्ती में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेल-खेल में एक पांच साल के बच्चे के हाथ से 2 साल के मासूम की गर्दन कटने से मौत हो गई। वह 2 साल का मासूम बच्चा अन्य साथी बच्चों के साथ बिल खोद कर चूहा पकड़ रहा था। इसी दौरान 5 साल के बच्चे ने फावड़ा चला दिया, जिससे बच्चे की गर्दन कट गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने फिलहाल मर्ग दर्ज किया है। मामला पंडरापाठ चौकी क्षेत्र में कोरवा बस्ती का है।


जानकारी के मुताबिक बुधवार को पंडरापाठ कोरवा बस्ती के करीब छह-सात बच्चे खेतों में बिल खोदकर चूहे निकाल रहे थे। हाल ही में इन खेतों से बेड़े की फसल कटी है। इस काम में बस्ती के 2 साल से लेकर 7 साल के बच्चे लगे थे। चूहे की बिल खोदने के लिए बच्चों ने अपने हाथ में कोड़ी फावड़ा जैसे औजार रखे थे।
खुदाई के दौरान पांच साल के एक बच्चे ने फावड़ा चलाया जो कि वहीं खड़े दो साल के बच्चे जगदील राम पुत्र जगेश्वर राम की गर्दन में लग गया और वह कट गई। बच्चा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस अभी जांच की बात कह रही है।

