April 22, 2026

गर्ल्स हॉस्टल संचालक ने कमरे में लगाया खुफिया कैमरा, पता चलने पर थाने पहुंची लड़कियां

CCTV in the rooms of Girls Hostel

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में संचालक ने खुफिया सीसीटीवी लगाकर रखा था। जैसे ही वहां रह रही लड़कियों को इसके बारे में पता चला तो बवाल खड़ा हो गया। संचालक भिलाई स्टील प्लांट का एक कर्मचारी है। उसने मामले को दबाने की पूरी कोशिश की, लेकिन लड़कियां नहीं मानी और सीधे पुलिस स्टेशन पहुंची। पुलिस ने हॉस्टल संचालक फगन लाल पवार के खिलाफ धारा 354, 66ई के तहत मामला दर्ज किया है।


मोबाइल पर देखता था एक्टिविटीज
नेवई पुलिस ने बताया कि सेक्टर 5 निवासी फगन लाल पवार भिलाई इस्पात संयंत्र का कर्मचारी है। उसका आशीष नगर में भी एक मकान है, जिसमें वह गर्ल्स हॉस्टल संचालित करता है। गर्ल्स हॉस्टल के कमरों में उसने खुफिया कैमरे लगा रखे थे। इससे वह अपने ऑफिस में बैठकर या मोबाइल पर कभी भी कमरे में रह रही लड़कियों की एक्टिविटी को देखा करता था। उसके हॉस्टल में एक महीने पहले कॉलेज में पढ़ने वाली 5 छात्राएं रहने आई थीं।

लड़कियों ने देखा कमरे का कोना-कोना
सोमवार को उन लड़कियों को शक हुआ कि उनके कमरे में खुफिया कैमरे लगे हैं। जब उन्होंने ध्यान से कमरे के हर एक कोने को देखा तो सच्चाई सामने आ गई। जैसे ही लड़कियों को पता चला कि उनके कमरे में खुफिया कैमरे लगे हैं तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। लड़कियों ने संचालक को खूब खरीखोटी सुनाई और उससे डीबीआर मांगा। जब उसने डीबीआर नहीं दिया तो लड़कियों ने इसकी शिकायत बुधवार को नेवई थाने में दर्ज कराई।

पुलिस ने जब्त किया कैमरे व डीबीआर
नेवई पुलिस ने मामले की तफ्तीश करने के बाद बीएसपी कर्मी फगन लाल पवार के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस गर्ल्स हॉस्टल पहुंची। वहां तलाशी लेने के बाद पुलिस ने लड़कियों के कमरों से सीसीटीवी कैमरे और उनका डीबीआर जब्त किया। डीवीआर में पुलिस को 11 दिन का स्टोरेज मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। उसके पहले का स्टोरेज कहां है उसको लेकर भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


You may have missed