मातम में बदली शादी की खुशियां: बहन की आने वाली थी बारात, एक दिन पहले दूल्हा बने भाई की मौत
बालोद: बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाटाबोड़ के एक साहू परिवार में शादी की खुशियां कुछ पल में ही मातम में बदल गई। जिस बेटे का विवाह एक दिन पहले हुआ था। उसकी मौत हो जाने से परिवार सहित गांव के लोग सदमे में हैं। वहीं रविवार को इसी घर में बेटी की बारात आने वाली थी। लेकिन बारात आने से पहले यह घटना हो गई।


घर में छाया मातम
बालोद-दुर्ग मार्ग पर स्थित ग्राम लाटाबोड़ में बंशीलाल साहू के पुत्र छगनलाल साहू 26 वर्ष का विवाह शनिवार को ग्राम कुर्रा धमतरी निवासी पदुमलाल साहू की पुत्री राधा के साथ हुआ। घर में इकलौते बेटे का विवाह होने से सभी खुश थे। घर में बहू भी आ गई। तभी छगनलाल साहू की तबीयत अचानक बिगड़ी और हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। इस तरह बेटे की शादी के कुछ घंटे बाद मौत होने से घर में मातम छा गया।
बारात स्वागत की थी तैयारी
छगनलाल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। चार बहन में मझली बहन की शादी रविवार को होने वाली थी। ग्राम धनेली निवासी टिकेश्वर बारात लेकर आने वाले थे। घर के सभी लोग बारात के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे कि यह घटना हो गई। जिसने भी इस घटना की खबर सुनी सभी स्तब्ध रह गए। वहीं छगनलाल के साथ शादी के बाद राधा साहू पर तो आफत का पहाड़ टूट गया।

