खान सर समेत कई कोचिंग संचालकों के खिलाफ केस दर्ज, लॉज और हॉस्टलों में छापेमारी
पटना: मशहूर यूट्यूबर और शिक्षक खान सर समेत कई कोचिंग संचालकों के खिलाफ पटना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोचिंग संचालकों पर छात्रों को भड़काने का आरोप लगाया है। वहीं, बवाल में चिह्नित छात्रों की गिरफ्तारी की कोशिश में भी पुलिस जुट गई है। पटना के कई लॉज और हॉस्टलों में बुधवार की देर शाम छापेमारी शुरू कर दी गई। बिहार में आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा में धांधली के आरोपों के बाद हुए बवाल में पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।


छात्रों ने पैसेंजर ट्रेन की चार बोगियों में लगाई आग
बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी छात्रों ने कई जिलों में बवाल काटा। सबसे ज्यादा हिंसक वारदातें पटना और गया में देखने को मिलीं हैं। गया में पैसेंजर ट्रेन की चार बोगियों को फूंक दिया गया है। इसी के बाद हरकत में आई पुलिस ने कोचिंग संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। पटना के पत्रकार नगर पुलिस स्टेशन में कोचिंग संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जिन कोचिंग संचालकों और शिक्षकों के खिलाफ केस हुआ है उसमें सबसे बड़ा नाम खान सर का है।
खान सर ने छात्रों से की थी ये अपील
हालांकि खान सर को इस बात की पहले से आशंका थी। उन्होंने अपनी तरफ से मीडिया में पक्ष भी रखा था। एक वीडियो जारी कर छात्रों को हिंसक आंदोलन नहीं करने की अपील की थी। खान सर के अलावा पटना के एसके झा, नवीन, अमरनाथ, गगन प्रताप, गोपाल वर्मा और बाजार समिति के विभिन्न कोचिंग संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एफआईआर में 300 से 400 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।

