अब पालतू कुत्तों का पंजीयन नहीं करवाने पर लगेगा तगड़ा जुर्माना, नोटिफिकेशन जारी
नई दिल्लीः यदि आप कुत्ते पालने के शौकीन हैं तो यह बड़ी खबर आपके लिए है। गाजियाबाद नगर निगम ने पालतू कुत्ते को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके अनुसार एक अप्रैल से पालतू कुत्ते की पंजीयन फीस 500 रुपए बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही पंजीयन नहीं करवाने पर मई महीने से प्रतिदिन 50 रुपए के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा।


गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया है कि गाजियाबाद नगर निगम में पालतू कुत्तों का डेटा तैयार हो रहा है। इस नोटिफिकेशन के अनुसार अब पालतू कुत्ते का पंजीयन करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। पंजीयन नहीं कराने वाले लोगों पर प्रशासन ने सख्ती का फैसला भी लिया है।
उप मुख्य पशु चिकित्सा और कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने कहा कि 31 मार्च तक पंजीयन कराने पर महज 1000 रुपए प्रति कुत्ता चार्ज लिया जाएगा। लेकिन 31 मार्च के बाद पंजीयन शुल्क 1500 रुपए हो जाएगा। इसके बाद मई महीने से 50 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से शुल्क बढ़ता रहेगा।
पालतू कुत्ते का पंजीयन ऑनलाइन भी कराया जा सकता है। गाजियाबाद नगर निगम के एप के जरिए ऑनलाइन पंजीयन करवाया जा सकता है। इससे संबंधित जानकारी के लिए नगर निगम के मोबाइल नंबर 7827459535 और 8178016949 पर संपर्क किया जा सकता है।

