बड़ा फैसला: यहां पान-गुटखा पर लगाया गया पूरी तरह से प्रतिबंध, पकड़े जाने पर लगेगा भारी जुर्माना
नोएडा: देशभर में स्वच्छ भारत मिशन चलाया जा रहा है। जिसे सफल बनाने में अलग-अलग राज्यों में कई तरह के प्रयास किए जा रहे है। वहीं इसी कड़ी में आम्रपाली जोडिएक सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) ने एक बड़ा फैसला लिया है। एओए ने सोसाइटी के अंदर पान-गुटखा खाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।


सोसाइटी में सार्वजनिक जगह पर पान- गुटखा जैसी चीज खाते हुए मिलने पर तो उस शख्स पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। सोसाइटी की AOA ने इसकी निगरानी के लिए 5 लोगों की टीम बनाई है। गौरतलब है कि आम्रपाली जोडिएक सोसाइटी ऐसा करने वाली जिले की पहली सोसाइटी बन गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित होकर AOA ने बड़ा कदम उठाया है। अम्रपाली जोडियक सोसाइटी के अंदर एक नोटिस भी चस्पा किया गया है, जिसमें साफ तौर पर लिखा गया है कि सोसाइटी में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पान-गुटखा तंबाकू खाते हुए अगर कोई पकड़ा जाता है तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं दूसरी बार किसी पदार्थ का सेवन करते हुए पकड़ा जाता है तो 1 हज़ार रुपये का जुर्माना और तीसरी बार गुटखा खाते पकड़े गए तो 2 हजार रुपये तक के जुर्माना का प्रावधान है।
बता दें कि सोसाइटी द्वारा स्वच्छता की ओर एक कदम बढ़ाया गया है, ताकि स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में भी सुधार लाया जा सके। पिछले साल स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में नोएडा टॉप 10 शहरों में शामिल था, हालांकि उसे नंबर वन बनाने की कवायद तेज कर दी गई है और इसी दिशा में सोसाइटी ने यह अहम कदम उठाया है।
बता दें कि इससे पहले सोसाइटी में रॉन्ग साइड से ड्राइविंग करना, सोसाइटी के सिटीजन मूवमेंट एरिया में स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाना, तेज आवाज़ में म्यूजिक बजाने पर जुर्माना लगाने का नियम तय कर चुकी है।

