केबल का पैसे लेने आए युवक ने महिला से किया रेप, घर में अकेली देख दिया घटना को अंजाम
भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है, यहां केबल ऑपरेटर के वसूली कर्मचारी ने एक महिला को घर में अपने छोटे बच्चे के साथ अकेली देखकर उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी के भाग जाने के बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद उसने वैशाली नगर थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। आरोपी फिलहाल फरार बताया गया है।


ऐसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस के मुताबिक रामनगर स्कूल के पीछे रहने वाला 34 साल का ढाल सिंह साहू केबल ऑपरेटर के यहां बिल वसूली का काम देखता है। शनिवार दोपहर 1.30 बजे वह एक घर में केबल का बिल मांगने गया था। महिला का पति सुबह 8 बजे ड्राइवर का काम करने स्टील प्लांट चला गया था। जब ढाल सिंह पहुंचा तो घर पर 36 वर्षीय महिला अपने आठ साल के बेटे के साथ घर पर थी। बेटा दूसरे कमरे में टीवी देख रहा था। महिला पूजा कर रही थी।
महिला को अकेली देख ढाल सिंह की नीयत डोल गई। वह धीरे से अंदर वाले कमरे तक गया और कुंडी लगाकर बेटे को बंद कर दिया। इससे पहले की महिला कुछ समझ पाती वह उस पर हावी हो गया। महिला से अनाचार करने के बाद आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद महिला ने फोन पर घटना के बारे में पति को बताया। फिर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

