मातम में बदली शादी की खुशियां: खाने के दौरान दुल्हन के गले में फंसा ढोकला, हो गई मौत
छिंदवाड़ा: एक शादी वाले घर में उस वक्त मातम पसर गया जब डोली की जगह घर से दुल्हन की अर्थी उठी। बताया जा रहा है कि खाना खाने के दौरान दुल्हन के गले में ढोकला फंस गया जिससे उसकी मौत हो गई।


दरअसल, छिंदवाड़ा के बुधवारी बाजार में रहने वाली 29 वर्षीय युवती मेघा पिता प्रमोद महादेव काले की आज पुणे से बारात आने वाली थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थी। दुल्हन को हल्दी और मेहंदी भी लग चुकी थी। सारे मेहमान आ चुके थे. हंसी खुशी का माहौल था। परिजन और मेहमान शादी की खुशियां मना रहे थे।
इसी बीच अचानक खाना खाने के दौरान दुल्हन मेघा के गले में ढोकले का टुकड़ा फंस गया, जिस कारण उसे तत्काल स्थानीय आनंद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ऐसे में जिस दुल्हन को घर से डोली में विदा होना था, उसे आज अर्थी पर घर पर जाना पड़ा। बेटी की शादी के अरमान सजाए हुए परिजन को अपनी दुल्हन बनी बेटी को मुखाग्नि देनी पड़ी।

