April 17, 2026

दिल्ली, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में बढे कोरोना केस: बीते 24 घंटे में मिले 13 हजार से ज्यादा नए केस

CORONATHI

नई दिल्ली: कोरोना वायरस (कोविड-19) के केसों में एक बार फिर जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में कोविड के 13 हजार से ज्यादा (13,313) नए मामले देखने को मिले हैं। यह नंबर बुधवार के मुकाबले 8.7 फीसदी ज्यादा है। इसके अलावा बीते 24 घंटे में कोविड की वजह से 38 लोगों ने जान भी गंवाई है। फिलहाल भारत में कोविड के 83 हजार से ज्यादा मरीज (एक्टिव केस) मौजूद हैं।


जिन पांच राज्यों में कोविड की स्थिति चिंताजनक है, उसमें केरल (4,224), महाराष्ट्र (3,260), दिल्ली (928), तमिलनाडु (771) और उत्तर प्रदेश (678) शामिल हैं। कुल नए केसों में से 74.07 फीसदी इन्हीं पांच राज्यों से आए हैं। वहीं कुल नए केसों में सिर्फ केरल की हिस्सेदारी 31.73 फीसदी है। देश में अबतक कोविड की वजह से पांच लाख से ज्यादा (5,24,941) मौतें हो चुकी हैं।

महाराष्ट्र में एक दिन में 3 हजार से ज्यादा केस
महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के 3,260 नये मामले सामने आये जबकि तीन और मरीजों की मौत हो गई। इन नये मामलों में मुंबई में सामने आये 1,648 मामले शामिल हैं। राज्य में एक दिन पहले सामने आये कोविड-19 के 3,659 मामलों की तुलना में बुधवार को 399 कम मामले सामने आये। राज्य में तीन और मरीजों की मौत हो गई जिनमें से दो मरीजों की मृत्यु मुंबई में और एक मरीज की मृत्यु रायगढ़ में हुई।

दिल्ली का हाल
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 928 नये मामले सामने आये हैं और संक्रमण दर 7.08 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत हो गई है।

छत्तीसगढ़ का हाल
छत्तीसगढ़ में बुधवार को कोरोना के 131 नए मामले सामने आए। मार्च के बाद से ऐसा पहली बार हुआ है। यह एक दिन पहले सामने आए 88 मामलों की तुलना में बहुत अधिक है। प्रदेश भर में 9 हजार 394 संदिग्ध नमूनों की जांच की गई थी। अब प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 585 हो गई है। बुधवार को सबसे अधिक 29 नए मरीज रायपुर में मिले। दुर्ग में 21, सरगुजा में 16, कोरिया में 11, बिलासपुर में 8 नए मरीज मिले हैं।

मनसुख मंडाविया लेंगे बैठक
देश में बढ़ते कोरोना मामलों के चलते केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया गुरुवार को विशेषज्ञों की कोर टीम के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इससे पहले 13 जून को मंडाविया ने टीकाकरण अभ्यास हरघर दस्तक 2.0 अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य मंत्रियों और राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक की अध्यक्षता की थी।


You may have missed