April 28, 2026

दो पायलट शहीद: बाड़मेर में MiG क्रैश, आधा किलोमीटर तक फैला विमान का मलबा

IMG_20220729_075623

राजस्थान में बाड़मेर के भीमड़ा गांव में गुरुवार रात 9 बजकर 10 मिनट पर वायु सेना का एक फाइटर जेट MiG-21 बायसन (ट्रेनर एयरक्राफ्ट) क्रैश हो गया। इसमें आग लग गई और मलबा करीब आधा किलोमीटर के दायरे में बिखरा गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलट शहीद हो गए।


देर रात एयरफोर्स ने घटनास्थल के आसपास के करीब आधा किलोमीटर इलाके को कब्जे में ले लिया। एयरफोर्स बिखरे हुए मलबे को इकट्‌ठा करने और घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है। 100 से ज्यादा जवान और एयरफोर्स अधिकारी मौके पर पहुंचे।

इस घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें हादसे के बाद घटनास्थल पर विमान के मलबे में आग लगी हुई है। बॉडी पाट्‌र्स बिखरे पड़े हैं। पास ही एक मोबाइल भी टूटकर गिरा हुआ है। विमान जहां गिरा वहां 15 फीट के दायरे में बड़ा गड्‌ढा हो गया है। बाड़मेर में सैन्य विमान हादसे का 9 साल में यह आठवां मामला है।

मिग-21 ने उतरलाई से उड़ान भरी थी। भीमड़ा के पास अचानक विमान में तकनीकी खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि मिग रेत के एक टीले पर जाकर क्रैश हुआ। फ्यूल होने की वजह से इसमें आग लग गई। क्रैश होने के दौरान पायलटों का पैराशूट खुल नहीं पाया था।

यह भी सामने आ रहा है कि हादसे के दौरान एक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से इसकी अभी तक पुष्टि नहीं की गई है।

वायु सेना ने दिया कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश
वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है। साथ ही, जान गंवाने वालों के परिवार के प्रति शोक संवेदना जताई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी से हादसे को लेकर बातचीत की।


You may have missed