May 1, 2026

प्रेमिका से मिलने के लिए बुर्का पहनकर आया युवक, ग्रामीणों ने बदमाश समझकर पकड़ा और की ऐसी हालत

burka

शाहजहांपुर: मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 25 साल का युवक अपने प्रेमिका से मिलने के लिए बुर्का पहनकर निकला, लेकिन आगे उसके साथ जो हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला था। मामला सिधौली थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव का है।


ग्रामीणों ने बदमाश समझकर की जमकर धुनाई
दरअसल, शाहजहांपुर जिले में बुर्का पहनकर अपनी प्रेमिका से मिलने गए इस युवक को ग्रामीणों ने बदमाश समझकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई भी कर दी। बाद में स्थानीय पुलिस आई और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव बाजपेई ने बृहस्पतिवार को समाचार एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ को इस घटना के बारे में जानकारी दी।

ग्रामीणों ने युवक को पहचान कर पिटाई कर दी- पुलिस
संजीव बाजपेई ने बताया कि सिधौली थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में सैफ अली (25) नामक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए बुर्का पहनकर पहुंच गया। ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने उसे पकड़ कर बुर्का हटाने को कहा। बुर्का हटाने पर युवक को ग्रामीणों ने पहचान लिया और फिर उसकी पिटाई कर दी।

गांव की लड़की से चार साल से चल रहा था युवक का अफेयर
संजीव बाजपेई ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर युवक को अपनी हिरासत में ले लिया है। किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बाजपेई ने बताया कि पकड़े गए युवक के इसी गांव की रहने वाली एक युवती से चार वर्षों से प्रेम संबंध हैं। उन्होंने बताया कि युवक बाहर नौकरी करने जा रहा था इसीलिए वह अपनी प्रेमिका से मिलना चाहता था। प्रेमिका ने फोन पर उससे कहा था कि गांव के लोग उसे पहचानते हैं इसलिए वह भेष बदलकर आए। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ शांति भंग करने संबंधी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

 


You may have missed