Raipur Suitcase Murder kand : सूटकेश मर्डर कांड में बड़ा खुलासा, जानिए कब–क्यों और कैसे दिया घटना को अंजाम


Raipur Suitcase Murder kand : रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शहर को दहला देने वाले एक दिल दहला देने वाले हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पेशे से वकील अंकित उपाध्याय ने अपनी पत्नी शिवानी शर्मा और दो साथियों के साथ मिलकर अपने ही क्लाइंट किशोर पैकरा की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ट्रॉली बैग में डालकर सीमेंट से ढका गया और टिन की पेटी में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
सूटकेश में मिला था शव
पुलिस को 23 जून को सूचना मिली कि इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के पीछे एक टिन की पेटी से दुर्गंध आ रही है। जब टीम वहां पहुंची तो पेटी में ट्रॉली बैग मिला जिसमें एक व्यक्ति का शव रखा हुआ था और उस पर सीमेंट डाला गया था। शव की पहचान किशोर पैकरा (उम्र 58) निवासी हांडीपारा के रूप में हुई।
जमीन को लेकर हत्या
जांच में पता चला कि आरोपी अंकित उपाध्याय, जो मृतक का वकील था, ने किशोर पैकरा से मकान केस के एवज में करीब 30 लाख रुपये लिए थे और पैसे हड़प लिए। मृतक बार-बार रकम लौटाने का दबाव बना रहा था जिससे परेशान होकर वकील और उसकी पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रची।
चाकू गोदकर की हत्या
हत्या की योजना के तहत उन्होंने किराए का मकान लिया और वहां 21 जून को किशोर को झांसा देकर बुलाया। फिर गला दबाकर और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। अगले दिन शव को ट्रॉली बैग में डालकर सीमेंट डाला गया और टिन की पेटी में बंद कर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया।
पति पत्नी दिल्ली से गिरफ्तार
इस घटना के बाद आरोपी दंपत्ति दिल्ली भाग गए, लेकिन रायपुर पुलिस की सतर्कता और तेजी से कार्रवाई के चलते उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में सहयोग करने वाले दो अन्य आरोपी विनय यदु और सूर्यकांत यदु को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूरी तैयारी के साथ की हत्या
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अल्टो कार, दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। हत्या की साजिश से लेकर शव के निस्तारण तक की पूरी प्रक्रिया बेहद योजनाबद्ध थी।
टीम को मिलेगा इनाम
इस जघन्य अपराध की जांच में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की 5 टीमें लगातार सक्रिय रहीं। फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीमों ने भी अहम साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे पर टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है।

