Bilaspur Train Accident: CG में बड़ा ट्रेन हादसा: मालगाड़ी से टकराई पैसेंजर ट्रेन, तीन डिब्बे पटरी से उतरे, कई घायल, रेस्क्यू जारी
Bilaspur Train Accident: बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक ट्रेन हादसा (Bilaspur Train Accident) हो गया। यात्रियों से भरी कोरबा-पैसेंजर ट्रेन की टक्कर मालगाड़ी से हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पैसेंजर ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और कई यात्री बुरी तरह घायल हो गए।


हादसा लालखदान स्टेशन के पास
यह भीषण हादसा बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन के लालखदान स्टेशन के पास हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पैसेंजर ट्रेन कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रही थी, जबकि उसी ट्रैक पर आगे मालगाड़ी खड़ी थी। सिग्नल सिस्टम की गड़बड़ी के चलते दोनों ट्रेनों में जोरदार टक्कर हो गई।
मौके पर मची चीख-पुकार
टक्कर के तुरंत बाद ट्रेन के डिब्बों में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री डिब्बों में फंस गए, जिससे चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक करीब दो दर्जन यात्रियों के घायल होने की खबर है, जबकि 6 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बचाव कार्य में जुटी टीम
रेलवे की मेडिकल यूनिट और एनडीआरएफ की टीमों ने राहत कार्य तेज कर दिया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। रेल यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, और आसपास के ट्रैक पर ट्रेनों को डायवर्ट किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के उच्च अधिकारी और बिलासपुर जिला प्रशासन मौके पर पहुंचे।
सिग्नल सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका
प्रारंभिक जांच में सिग्नल सिस्टम फेलियर या मानव भूल की संभावना जताई जा रही है। रेलवे ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

