April 21, 2026

ऑपरेशन साइबर शील्ड की बड़ी सफलता: गूगल एड के सहारे SBI ATM कार्ड बनवाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

IMG-20251126-WA0022

Operation Cyber Shield: रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड (operation cyber shield) के तहत अंतरराज्यीय साइबर अपराध के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अब्दुल्ला लश्कर जो कि पश्चिम बंगाल के 24 परगना क्षेत्र का निवासी है, गूगल विज्ञापन के माध्यम से SBI एटीएम कार्ड बनवाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था।


मामला तब सामने आया जब प्रार्थी संजय साहनी, निवासी शंकर नगर, थाना सिविल लाइन, ने भारतीय स्टेट बैंक का नया एटीएम कार्ड बनवाने के लिए गूगल पर सर्च किया। सर्च रिजल्ट में दिखे एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर कॉलर ने प्रार्थी को एक ऐप का लिंक भेजा। ऐप इंस्टॉल करवाने के बाद आरोपी ने प्रार्थी से पुराने एटीएम कार्ड के अंतिम छह अंक लिए और उसके बैंक खाते से 8 लाख रुपये उड़ा लिए।

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 496/24, धारा 318(4) बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर को सौंपा गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने गूगल, बैंक और मोबाइल सेवा प्रदाताओं से तकनीकी विवरण प्राप्त कर आरोपी की पहचान की। लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल एविडेंस के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पश्चिम बंगाल के 24 परगना में छापा मारकर अब्दुल्ला लश्कर को गिरफ्तार किया।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पर हरियाणा और उत्तराखंड में भी साइबर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। उसके मोबाइल से कई बैंक खातों और संभावित पीड़ितों की जानकारी मिली है, जिसका विश्लेषण किया जा रहा है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और पीड़ितों को सावधान रहने की अपील की है।


You may have missed