पेट्रोल-डीजल के दाम में लगी आग: रायपुर में पेट्रोल 104 के पार, डीजल भी 97 के पार पहुंचा, आज से नई दरें लागू
Petrol Diesel Price Today: रायपुर: आम जनता की जेब पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेल कंपनियों द्वारा ईंधन के दामों में किए गए इस इजाफे के बाद अब आम उपभोक्ताओं को अपनी गाड़ियों में ईंधन डलवाने के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी होगी।


रायपुर में पेट्रोल 90 पैसे महंगा
ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। इस बढ़ोतरी के साथ ही रायपुर में अब 1 लीटर पेट्रोल का दाम बढ़कर 104 रुपए 46 पैसे हो गया है। पेट्रोल के दाम ₹104 के पार जाने से मध्यमवर्गीय परिवारों और रोजाना सफर करने वाले लोगों का बजट बिगड़ना तय माना जा रहा है।
डीजल के दाम में भी 95 पैसे की बढ़ोतरी
पेट्रोल के साथ-साथ डीजल की कीमतों ने भी आम जनता को बड़ा झटका दिया है। रायपुर में डीजल के दामों में 95 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इस वृद्धि के बाद शहर में डीजल की नई कीमत 97 रुपए 51 पैसे प्रति लीटर पर पहुंच गई है। डीजल महंगा होने से मालभाड़े और परिवहन लागत में बढ़ोतरी की आशंका है, जिससे आने वाले दिनों में रोजमर्रा की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। आज सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर नई दरें प्रभावी हो गई हैं।

