May 18, 2026

रायपुर में पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लुट: मोबाइल लूटकर भागे बाइक सवार बदमाश, CCTV खंगाल रही पुलिस

IMG-20260518-WA0001

रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे के बीच राजधानी रायपुर से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक के साथ सरेराह लूट की वारदात हो गई है। बेखौफ बदमाश मॉर्निंग वॉक के दौरान उनका मोबाइल फोन छीनकर रफूचक्कर हो गया। इस हाईप्रोफाइल घटना के बाद से पुलिस महकमे और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


आर्च ब्रिज के पास हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना रायपुर के पॉश और हाई-सिक्योरिटी वाले सिविल लाइन थाना इलाके की है। बताया जा रहा है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक रोजाना की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक (सुबह की सैर) के लिए निकले थे। जब वे आर्च ब्रिज के नीचे से होते हुए वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी अचानक बाइक पर सवार होकर आए एक अज्ञात शातिर बदमाश ने उन पर झपट्टा मारा। बदमाश उनके हाथ से मोबाइल फोन लूटकर पलक झपकते ही मौके से फरार हो गया।

जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे CCTV

केंद्रीय गृह मंत्री के प्रवास के दौरान इतनी बड़ी वारदात होने की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद तत्काल नाकेबंदी कर दी है। आरोपी की पहचान और धरपकड़ के लिए आर्च ब्रिज और सिविल लाइन इलाके के आसपास लगे सभी CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वीआईपी मूवमेंट के बीच हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।


You may have missed