ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से बैठे मजदूर की दबने से हुई मौत, महुआ की बोरियों के ऊपर बैठा था मृतक
महासमुंद। ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से एक मजदूर की दबने से मौत हो गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।


घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुशपाली तेंदूकोना रोड बिराजपाली नाले के पास की है। मृतक ओडिशा का रहने वाला है । गुरुवार रात 11 बजे ओडिशा से ट्रैक्टर ट्रॉली में महुआ लेकर तेंदूकोना जाने के लिए निकला था । रास्ते में ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में चालक की जान तो बाल-बाल बच गई, लेकिन ट्राली में सवार मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
बागबाहरा थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि ओडि़शा के ग्राम बेलटुकरी से बिना नंबर की ट्रैक्टर ट्राली महुआ भरकर उसे छोडऩे के लिए तेंदूकोना आ रही थी। रात करीब तीन बजे ट्रैक्टर ग्राम कुशपाली तेंदूकोना मार्ग बिराजपाली नाले के पूर्व मोड़ के पास पहुंची थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली पलटकर खेत में गिरी गई।
इससे ट्रॉली में बोरियों के ऊपर बैठे मजदूर रोशन मांझी पिता नेमीचंद मांझी की ट्रॉली में दबने से मौत हो गई, वहीं ट्रैक्टर चालक किशन मांझी बाल-बाल बच गया । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व जेसीबी की मदद से ट्राली को उठाकर नीचे दबे मजदूर रोशन मांझी को निकाला गया। बागबाहरा पुलिस ने मामले में ट्रैक्टर चालक किशन मांझी के खिलाफ 304 ए के तहत जुर्म दर्ज किया है।
अंधेरे में नजर नहीं आई मोड़
पुलिस के गिरफ्त में चालक किशन मांझी ने बताया कि रात के अंधेरे में ना सही तरह से मोड़ नजर आई है और न ही सड़क किनारे का गड्ढा । गड्ढा को बचाने के लिए प्रयास किया तो ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जाता है कि उक्त मोड़ पर इससे पूर्व भी कई घटनाएं घटित हो चुकी है। इसके बावजूद किसी ने संज्ञान नहीं लिया है। इससे एक बार फिर घटना घटित हो गई।

