कोरोना वैक्सीनेशन : राजधानी में 9 बजे से शुरू हुआ टीकाकरण, एक घंटे बाद एपीएल का कोटा ख़त्म
रायपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेश में शनिवार की सुबह 9 बजे से 18 से 44 वर्ष के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर में पहले आओ, पहले लगवाओ की तर्ज पर हो रहे इस टीकाकरण के लिए लोग 7 बजे ही केंद्रों के बाहर लाइन में लग गए थे। इसके बाद भी तमाम लोगों के हाथ निराशा ही लगी है। हाईकोर्ट की फटकार के बाद सभी वर्ग का वैक्सीनेशन तो शुरू हुआ, पर एक घंटे बाद ही एपीएल के लिए वैक्सीन खत्म का बोर्ड भी लग गया।


अंत्योदय ही नहीं बल्कि बीपीएल और एपीएल राशन कार्डधारकों को भी टीके लगाए जा रहे हैं। टीकाकरण केंद्रों में रजिस्ट्रेशन करवाकर टीके लगवा सकते हैं। रायपुर जिले में अभी इसके लिए 8 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। इसमें शहर में 3 जगहों पर टीके लगेंगे। इसके साथ ही 45 साल से ऊपर के लोगों को पुराने टीकाकरण केंद्रों में पहले की तरह ही टीके लगते रहेंगे। हालांकि हर केंद्र में सिर्फ 600 वैक्सीन की आपूर्ति ही की गई है। ऐसे में लोग निराश होकर घर लौट रहे हैं।
इन केंद्रों पर हो रहा वैक्सीनेशन, दिखाना होगा मान्य दस्तावेज
रायपुर में सांस्कृतिक भवन चंगोराभाठा, पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम, बीटीआई परिसर, अभ्यास पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला शंकरनगर, बिरगांव निगम में अडवानी आलिकान स्कूल में वैक्सीनेशन किया जा रहा है। वैक्सीन लगवाने के लिए अंत्योदय और बीपीएल को अपने राशन कार्ड के साथ ही एक शासकीय पहचान पत्र दिखाना होगा। वहीं एपीएल परिवारों के सदस्य आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य कोई मान्य शासकीय दस्तावेज दिखा सकते हैं।
बिलासपुर में 18+ के टीकाकरण के लिए 5 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बीपीएल, एपीएल और अंत्योदय परिवारों के लिए अलग-अलग केंद्र हैं। बीपीएल परिवारों के लिए सरकंडा के नूतन चौक स्थित कन्या हाई स्कूल में टीका लगाया जाएगा। वहीं अंत्योदय कार्डधारियों को टीका पहले की तरह देवकीनंदन स्कूल में ही लग रहा है। एपीएल के टीकाकरण के लिए शहर में 3 केंद्र बर्जेश हायर सेकेंडरी स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हेमूनगर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिफरा में बनाया गया है।
जगदलपुर में 3 केंद्र, दंतेवाड़ा में 4, हर केंद्र पर 110 डोज-
बस्तर संभाग के जगदलपुर में वैक्सीनेशन के लिए 3 केंद्र अंत्योदय कार्डधारकों के लिए मंगल भवन केंद्र, BPL के लिए चैंबर ऑफ कॉमर्स के भवन और APL के लिए केंद्रीय विद्यालय में वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है। हर सेंटर पर वैक्सीन की 110 डोज ही पहुंच सकी है। केंद्रीय विद्यालय में बनाए गए सेंटर में आने वाले लोगों के लिए कोई मार्किंग भी नहीं की गई। जिसके चलते लाइन तो लगी है, पर दूरियां नहीं हैं। वहीं दंतेवाड़ा में 4 केंद्र गीदम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जावंगा, कुआकोंडा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बालक प्राथमिक शाला आंवराभाटा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटेकल्याण बनाया गया है।
आज आएगी कोविशील्ड वैक्सीन की 3.5 लाख डोज
18 वर्ष या इससे ज्यादा उम्र वालों के लिए शनिवार को 3.5 लाख डोज वैक्सीन आएगी। यह वैक्सीन कोविशील्ड की होगी। सुबह मुंबई से आने वाली फ्लाइट में वैक्सीन आएगी। अभी जिलों के स्टोर में 1.04 लाख वैक्सीन है।
ज्ञातव्य है कि एक दिन पहले ही हाईकोर्ट ने साफ कर दिया था कि सरकार वैक्सीनेशन पर रोक नहीं लगा सकती है। कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। आदेश दिया कि सभी वर्ग को 33 प्रतिशत के हिसाब से सामान रूप से वैक्सीन लगाई जाए। इससे पहले कोर्ट ने सरकार से दो दिन में स्पष्ट पॉलिसी बनाने को कहा था। राज्य सरकार ने 18+ के वैक्सीनेशन में अंत्योदय कार्डधारकों को प्राथमिकता दी थी। इसके खिलाफ अमित जोगी सहित अन्य ने जनहित याचिका दायर की।

