सावधान! एक और तूफान आ रहा है मचाने तबाही, भारतीय मौसम विभाग ने जारी की चक्रवाती तूफान की चेतावनी
नई दिल्ली। भारत के पश्चिमी तटीय राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में चक्रवाती तूफान तौकते ने तबाही मचाई है। इस चक्रवात से गुजरात में 13 लोगों की मौत हुई है। वहीं महाराष्ट्र में 6 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है।


वहीं भारतीय मौसम विभाग ने अब अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 23-24 मई के दौरान तूफान यास बंगाल की खाड़ी से टकराएगा। इस बार तूफान का नाम ओमान ने दिया है।
भारत मौसम विभाग में चक्रवात विभाग की प्रभारी सुनीता देवी ने बताया कि अगले हफ्ते पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। मौसम विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने निम्न दबाव प्रणाली तेज होने के संकेत भी दिए।
देवी ने कहा कि समुद्री सतह का तापमान एसएसटी बंगाल की खाड़ी के ऊपर 31 डिग्री है। यह औसत से लगभग 1-2 डिग्री सेल्सियस ऊपर है। सभी समुद्री और वायुमंडलीय परिस्थितियां चक्रवाती तूफान के अनुकूल हैं।

