July 20, 2026

कांग्रेस सरकार में हिम्मत है तो सभी कार्यकर्ताओं पर अपराध दर्ज कराए : भाजपा

brijmohan

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के टूलकिट पर किये गए ट्वीट को लेकर सियासत गरमाती जा रही है। बुधवार को नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।


नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह के ख़िलाफ़ कांग्रेस ने शिकायत की है। पूर्व मुख्यमंत्री ने टूलकिट को लेकर ट्वीट किया था। हम सबने भी इसे रिट्वीट किया है। यदि कांग्रेस सरकार में दम है तो इस पर अपराध दर्ज कराए। बीजेपी के सभी कर्यकर्ता इसके लिए तैयार है। हम घबराने वाले नहीं हैं।

धरमलाल कौशिक बोले कि कांग्रेस कोरोना की लड़ाई लड़ने की बजाय देश के विरुद्ध काम कर रही है। टूलकिट में कांग्रेस ने कोरोना के नए स्ट्रेन को मोदी स्ट्रेन कहने जैसा कंटेंट जारी किया है। कांग्रेस ने झूठ का दस्तावेज तैयार करते हुए देश और दुनिया में छवि कैसे खराब किया जाए, इस पर काम किया है।

कौशिक ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो टूलकिट जारी किया है। उसके जरिये दुष्प्रचार करने की कोशिश कांग्रेस कर रही है। कोरोना से मरने वालों के शवों की तस्वीरों को विदेशी मीडिया को देते हुए देश को बदनाम करने की साजिश की गई। ये कांग्रेस की भारत की छवि खराब कर बदनाम करने की साजिश रही। कांग्रेस ऐसे मामलों पर भी राजनीति कर रही है।


You may have missed