छत्तीसगढ़ सीएम के ढाई साल : टीएस सिंह देव का बड़ा बयान
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल को ढाई साल पूरे होने वाले हैं और सियासी गलियारों में फिर एक बार ढाई-ढाई साल के फार्मूले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने इस तरह के किसी भी फार्मूले से इनकार किया है, लेकिन टीएस सिंह देव की दावेदारी की चर्चा थमी नहीं है। एक के बाद एक नए बयान सामने आ रहे हैं।


ढाई-ढाई साल के फार्मूले को लेकर को लेकर मंत्री टीएस सिंह देव का बड़ा बयान सामने आया है। टीएस सिंह देव ने कहा कि ये चटपटी चर्चाएं हैं और इन्हे चलने दीजिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में लिखित कुछ भी नहीं होता है, व्यावहारिकता की बातें होती हैं और शीर्ष नेतृत्व जैसा बोलता है, जानकारी देता है, वैसा हम करते है। वहीं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के एक ट्वीट पर टीएस सिंह देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ पंजाब नहीं है और छत्तीसगढ़ अपने हिसाब से चलेगा टीएस सिंह देव ने कहा कि 17 जून तो आ ही रहा है। शीर्ष नेतृत्व जैसी जिम्मेदारी देगा, निभाते रहेंगे।
छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के फार्मूले को लेकर लगातार विपक्ष की तरफ से भी कई बयान सामने आ रहे हैं. पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने भी कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के बयान के बाद एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस की स्थिति भी 17 जून के बाद पंजाब जैसी ही होगी।

