Corona Third Wave: क्या अटल है कोरोना की तीसरी लहर? विशेषज्ञों ने यात्रा और भीड़ को लेकर दी चेतावनी
नई दिल्ली: देश में जारी कोरोना वायरस के मामलों के बीच कई टूरिस्ट स्पॉट्स और बाजारों से लोगों की भीड़ की बिना मास्क वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं. दूसरी लहर के लगभग गुजर जाने के बाद लोग पूरी तरह से लापरवाही बरतते हुए कोविड प्रोटोकॉल को भी दरकिनार कर चुके हैं. ऐसे में आने वाले त्योहारों के मौसम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से वायरस के तेजी से फैलने का खतरा फिर बन सकता है.


ऐसे में एक्सपर्ट्स भी पाबंदियों में ढील देने के खिलाफ नजर आ रहे हैं. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने वैश्विक साक्ष्य और महामारियों के इतिहास को देखते हुए सोमवार को कहा था कि तीसरी लहर अटल है और यह नजदीक है. चिकित्सकों की शीर्ष संस्था ने लोगों के ढुलमुल रवैये और सरकार द्वारा ऐसी घटनाओं को अनुमति देने पर चिंता व्यक्त की है जो सुपर-स्प्रेडर्स में बदल सकती हैं.
प्रधानमंत्री ने भी आईएमए की चेतावनी को दोहराते हुए लोगों से अपील की थी कि वह कोविड प्रोटोकॉल्स के साथ समझौता न करें. पूर्वोत्तर राज्यों के आठ मुख्यमंत्रियों के साथ मंगलवार को हुई बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि, हिल स्टेशनों और बाजारों में लोगों का बड़ी संख्या में कोविड प्रोटोकॉल का पालन किए बगैर जाना सही नहीं है. हमें कोविड-19 की तीसरी लहर को रोकने के लिए एक साथ मिलकर काम करना होगा. बता दें पूर्वोत्तर के राज्यों में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक ने कहा, ‘‘ नया स्वरूप ‘डेल्टा’ दुनियाभर में तेजी से फैल रहा है, जिससे संक्रमण के मामले और उससे जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है. ‘डेल्टा’ अभी 104 देशों में फैल चुका है और इसके जल्द पूरी दुनिया में सबसे हावी स्वरूप बनने की आशंका है.’’
प्रधानमंत्री के अलावा नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके पॉल ने भी मंगलवार को कहा कि दुनिया में कोरोना की तीसरी लहर दिखाई दे रही है. पॉल के मुताबिक हमारे देश में कोरोना की तीसरी लहर ना आए, हमें इसके लिए काम करना है. मंत्रालय के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 31443 नए केस आए. अभी भी देश में 73 ऐसे जिले हैं जहां हर रोज कोरोना के 100 से ज्यादा नए केस आ रहे हैं. मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में केस बढ़ रहे हैं.

