April 29, 2026

Video Viral : वैक्सीन लगाने को लेकर आपस में भिड़ गईं महिलाएं, जमकर हुई मारपीट

aapas

देशभर में कोरोनावायरस से बचाव के लिए वैक्सीनेशन अभियान जोरों-शोरों से चालू है. टीकाकरण अभियान को लेकर लोगों में खूब उत्साह देखा जा रहा है, जिसके चलते वैक्सीनेंशन केंद्रों पर जमकर भीड़ उमड़ रही है.यही भीड़ कई बार प्रशासन के लिए मुश्किलें भी पैदा कर रही है.ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से सामने आया है जहां वैक्सीन को लेकर टीकाकरण केंद्र पर महिलाएं आपस में भिड़ गई हैं और खूब मारपीट हुई. सोशल मीडिया पर भी इस पूरी घटना का वीडियो छाया हुआ है.


खरगोन के कसरावद तहसील के खलबुजुर्ग गांव का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जहां दो महिलाएं वैक्सीनेशन सेंटर पर ही हाथा-पाई पर उतर आयीं. वीडियो में देख सकते हैं कि वैक्सीनेशन सेंटर पर महिलाओं की लंबी लाइन लगी हुई है. इस दौरान पहले वैक्सीन लगवाने की होड़ में कई महिलाएं आपस में भिड़ गईं. मामूली बहस से शुरू हुई ये गहमागहमी धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई. बात इतनी बिगड़ी कि वैक्सीन लगवाने के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं एक दूसरे के बाल खींचने लगी. कई महिलाओं के बीच में धक्कामुक्की भी शुरू हो गयी.

वीडियो में ये भी देख सकते हैं कि कुछ पुरुष महिलाओं की लड़ाई को खत्म कराने की कोशिश भी कर रहे हैं लेकिन वो भी असफल रहे.वहीं लोगों का कहना है कि सेंटर पर सही इंतजाम नहीं होने की वजह से ये लड़ाई हुई. लोगों की भीड़ बढ़ने की वजह से बवाल होने लगा और भगदड़ मच गई. जिसे जिधर से मौका लगा वो सेंटर के अंदर घुस गया, जिसकी वजह से वहां के कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इससे पहले भी मध्य प्रदेश के धार में एक वैक्सीनेशन सेंटर में लोगों की ज्यादा भीड़ होने से भगदड़ मच गई थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.


You may have missed