July 5, 2026

छत्तीसगढ़ में हाथी का आतंक जारी: ग्रामीण को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला, एक गंभीर

CGHATHI

कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज अंतर्गत बीती रात ग्राम लमना चोरधोवा मोड़ के पास गुरसियां झलियामुड़ा निवासी तिलसिंह पिता गंगाराम गोंड़ 50 वर्ष को जंगली हाथी ने कुचल कर मार डाला।


पुलिस सूत्रों के अनुसार वह अपने निजी काम से रिश्तेदारी में गया हुआ था। रात में घर वापस लौटते समय हाथियों ने नेशनल हाईवे 130 मुख्य मार्ग पर बसे ग्राम चोरधोवा मोड़ पर उस पर हमला कर दिया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की मदद से स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा ले जाया गया। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 1.30 बजे की है जब घर लौटते वक्त बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया और तिल सिंह बाइक को पैदल ही धक्का मारते हुए घर लौट रहा था।

इस दौरान उसके साथ अकबर नामक एक अन्य साथी भी होना बताया जा रहा है जो हाथी से जान बचाकर भागते वक्त गिरकर घायल हो गया। इधर वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि कटघोरा वन मंडल के केंदई, पसान, ऐतमानगर रेंज में अलग-अलग दलों में लगभग 50 हाथी विचरण कर रहे हैं। दूसरी ओर निगरानी कर रहे हाथी मित्र दल, हुल्ला पार्टी, गजराज वाहन को चकमा देकर उत्पात मचाते आ रहे हाथियों ने एक और जान ले ली। वर्तमान में कुछ दिनों से हाथी मानव द्वंद्व को रोकने के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।


You may have missed