एक करोड़ की चोरी का पर्दाफाश : दस पत्नियों वाला शातिर चोर, चोरी की रकम से खरीदी जागुआर, जानें चोर की कहानी
गाजियाबाद. कविनगर पुलिस ने शहर के स्टील कारोबारी कपिल गर्ग की कोठी से एक करोड़ की चोरी का पर्दाफाश किया है. गैंग का सरगना चोरी करने के लिए विभिन्न शहरों में फ्लाइट से चलता था और चोरी की रकम से जागुआर कार खरीदी थी, जो पत्नी के नाम पर है. पुलिस ने सरगना की एक पत्नी और दो बदमाशों केा गिरफ्तार कर लिया है. सरगना की 10 पत्नियां हैं, जो देश के अलग-अलग शहरों में रहती हैं, जिनकी मदद से सरगना वारदात को अंजाम देता था. पुलिस बदमाशों के पास से एक जागुआर और स्कार्पियो बरामद की है.


एसपी सिटी प्रथम गाजियाबाद निपुण अग्रवाल ने बताया कि सीतामढ़ी, बिहार निवासी विक्रम शाह, मुहम्मद शोएब व मुख्य आरोपित इरफान की पत्नी गुलशन प्रवीण को गिरफ्तार किया गया है. इरफान व इमरान फरार हैं. शोएब इरफान का चालक है जबकि विक्रम शाह कोठियों की रेकी करता था. इरफान पर उत्तर प्रदेश में आगरा, दिल्ली, पंजाब, गोवा, बिहार समेत अन्य राज्यों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. इरफान के पास महंगी कार जगुआर है जो उसकी पत्नी के नाम पर है. इस कार में इरफान चालक के साथ चलता है और चोरी करता है. महंगी कार होने के कारण कोई शक भी नहीं करता. वह फाइव स्टार होटलों में रुकता है.
थाना प्रभारी कविनगर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि इरफान देशभर में 50 से अधिक बड़ी चोरी कर चुका है. कुछ माह पूर्व उसने राजनगर सेक्टर तीन में भी एक कोठी में चोरी का प्रयास किया था. लेकिन सफल नहीं हो पाया. उसकी फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. जांच में आया है कि इरफान ने कई प्रदेशों व जिलों में चोरी की है. उसकी कई बड़े शहरों में 10 पत्नियां हैं जो चोरी करने में मदद करती हैं.

