धारा 144 लागू ब्रेकिंग: जिले में फिर पथराव, पुलिस ने लाठीचार्ज के बाद किया धारा 144 लगाने का एलान
अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती में शनिवार को भाजपा की तरफ से बुलाए गए बंद के दौरान हिंसा भड़क उठी। यहां कुछ शरारती तत्वों ने पत्थरबाजी को अंजाम दिया, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठियां बरसाईं। फिलहाल जिले में धारा 144 लगाने का एलान कर दिया गया है।


गौरतलब है कि भाजपा ने यह बंद शुक्रवार को हुई घटना के खिलाफ बुलाया था। पिछले महीने त्रिपुरा में हुई हिंसा के खिलाफ महाराष्ट्र के अमरावती में शुक्रवार को कुछ मुस्लिम संगठनों के विरोध प्रदर्शन के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने दुकानों पर पथराव कर दिया था, जिसके बाद इलाके के कई हिस्सों में तनाव फैल गया। भाजपा ने इसी हिंसा के खिलाफ आज अमरावती बंद का आह्वान किया था।
बताया गया है कि शनिवार सुबह भाजपा के समर्थन से जो प्रदर्शन हुआ, उसमें सैकड़ों की संख्या में लोग भगवा झंडा लेकर शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी की। इसी दौरान कुछ लोगों ने पत्थर उठा कर दुकानों पर फेंकने शुरू कर दिए। एक पुलिस अफसर ने बताया कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया। फिलहाल ज्यादातर जगहों पर पुलिसबल तैनात है।

