August 20, 2026

#WeatherUpdate: अभी नहीं मिलेगी बारिश से निजात, यहां 5 दिनों तक जमकर बरसेंगे बादल

badal

नई दिल्ली। नवंबर के महीने में भी कई राज्यों में बादल जमकर बरस रहे हैं, वही दक्षिण भारत में लोगों को बारिश से अभी निजात मिलने की संभावना नहीं है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में मध्यम से भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। तटीय कर्नाटक में तो इस वक्त भी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मंगलवार और बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश की सभावना जताई है।


भारी बारिश से हुआ जनजीवन अस्त व्यस्त-
आईएमडी ने अगले पांच दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 नवंबर से 26 नवंबर तक भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। दक्षिणी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त है। बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। राज्यों के नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बारिश की वजह से कई लोगों की अभी तक मौतें हो चुकी हैं, वहीं सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं।

इन राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका-
मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी संस्था ने बताया कि अगले दो से चार दिनों के भीतर केरल, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, तटीय आंध्र प्रदेश, कोंकण, गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तेलंगाना में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।

इसके साथ ही ओडिशा, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और गुजरात के भी कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। केरल में बारिश आफत बनकर बरस रही है। बारिश के चलते राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई हैं। अभी तक आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, करोड़ों रुपये की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।


You may have missed