लुटेरी दुल्हन के गैंग का पर्दाफाश: शादी के एक दिन बाद करती ऐसी काम फिर हो जाती फरार
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में तीन महिलाओं की ऐसी गैंग सामने आई है जो अविवाहित युवकों को अपने जाल में फंसाकर उनसे शादी करने के बाद रुपये समेटकर भाग जाती थी। एक पीड़ित युवक के सामने आने पर गैंग पुलिस की गिरफ्त में आई है और पुलिस उनसे पीड़ित हुए नौजवानों की तलाश कर रही है, क्यों कि ये महिलाएं नाम बदलकर अविवाहित युवकों से शादी करती रही हैं।


कोतवाली थाना पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये तीनों महिलाएं शादीशुदा है। ये ऐसे नौजवानों को झांसे में लेती जिनकी कहीं शादी नहीं हो रही या फिर उनमें कोई खामी है। उन्हें दुल्हन की तलाश है। ये महिलाएं पहले एजेंट के जरिए दोस्ती करती है और उसके बाद कुंवारे युवकों को अपने झांसे में लेकर लड़की को दिखा कर पैसे की मांग करती है। जब सौदा पट जाता है तो ये शादी करने वाली लड़की का रिश्तेदार बनकर युवती की कोर्ट मैरिज करवा कर उस युवक के साथ भेज देती है, लेकिन दूसरे ही दिन शादी करने वाली लड़की भी झांसा देकर भाग जाती है।
दरअसल पूरे मामले का खुलासा रवि सिंह नाम की शिकायतकर्ता के सामने आने पर हुआ। रवि को शादी के लिए लड़की की तलाश थी। रवि ने शादी के लिए देवास के रहने वाले अपने दोस्त विनोद से संपर्क किया। विनोद ने रवि को मंजू नाम की महिला से मिलवाया और मंजू ने ही रवि की रेशमा नाम की लड़की से शादी करवा दी। शादी के लिए 90 हजार में सौदा तय हुआ था। जिसके बदले में रवि 75 हजार दे भी चुका है। रुपये लेने के बाद रेशमा अपने भाई के साथ शादी के दूसरे दिन ही भाग गई।
रवि ने जिस रेशमा नाम की लड़की से शादी की थी, असल में रेशमा का नाम राधिका उर्फ वर्षा है। वर्षा ने ही नाम बदलकर रवि के साथ कोर्ट मैरिज की थी। इस पूरे गिरोह की सरगना मंजू और पूजा है जिनके पति एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हो चुके है।

