प्यार में बदली दो सहेलियों की दोस्ती, घर से भागकर आपस में रचाई शादी
चुरू: राजस्थान के चूरू जिले में दो लड़कियों की दोस्ती प्यार में बदल गई और अब दोनों ने स्वजनों की नाराजगी के बावजूद आपस में शादी कर ली। दरअसल, हरियाणा के जींद स्थित आदमपुर मंडी निवासी 22 वर्षीय युवती करीब एक साल पहले अपनी बहन के ससुराल चूरू जिले के रतनगढ़ में आई थी। यहां उसकी दोस्ती बहन की 18 वर्षीय ननद से हो गई। दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया। दोनों ने शादी करने का फैसला किया और स्वजनों को इस बात की जानकारी दी।


घर से भागकर फतेहाबाद में की शादी
चुरू के रतनगढ़ पुलिस थाने के एएसआई जगदीश सिंह ने बताया कि रतनगढ़ और हरियाणा की रहने वाली लड़कियां रिश्तेदार हैं। 14 नवंबर को ममता नायक के पिता बंशीलाल नायक ने बेटी के लापता होने का मामला दर्ज करवाया था। तलाश करते-करते लड़की के हरियाणा में होने का पता चला। ममता के माता-पिता के साथ पुलिस वहां पहुंची तो दोनों ने बताया कि वे 12 नवंबर 2021 को घर से भागकर हरियाणा के फतेहाबाद में शादी कर चुकी हैं।
दोनों ने जताई साथ रहने की इच्छा
आदमपुर पुलिस थाने में बेटी के साथ उसकी प्रेमिका भी थी। वहां दोनों ने खुलासा किया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करती हैं और शादी कर ली है। रतनगढ़ पुलिस 10 जनवरी को दोनों को पकड़कर लेकर आई। दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई। बालिग होने के कारण पुलिस ने दोनों को साथ जाने दिया। लड़कियां वापस हरियाणा चली गई हैं।
एक साल पहले दोस्ती प्यार में बदली
एएसआई ने बताया कि हरियाणा की रहने वाली 22 साल की कृष्णा एक साल पहले रतनगढ़ में अपनी बहन के ससुराल आई थी। उसकी बहन की 18 साल की ननद ममता के साथ दोस्ती हो गई। बातों और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और फिर घर से भागकर फतेहाबाद में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों हरियाणा के जींद में साथ रहने लगीं।
समलैंगिक के बनाए दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक ममता नायक ने कहा कि वह स्वतंत्र जीवन जीना चाहती है। वहीं कृष्णा ने कहा कि वह और उसकी प्रेमिका एक-दूसरे से प्यार करती हैं और साथ रहना चाहती हैं। परिवार के साथ-साथ पुलिस और अधिकारियों ने दोनों को समझाया, मगर वे नहीं मानीं। एएसआई ने बताया कि लड़कियों ने हरियाणा में लिव इन रिलेशनशिप के कागज बनवाए हैं। इनके पास शादी संबंधी कोई दस्तावेज नहीं है।
पिता बोला- बेटी पर जादू-टोना किया
बेटी के इस कदम पर बंशीलाल नायक ने कहा कि मेरी बेटी पर किसी ने जादू-टोना किया है। समझाने पर भी नहीं मान रही है। मेरी बेटी ऐसी बिल्कुल नहीं थी। किसी के दबाव में आकर ऐसा कर रही है। वह जिद करके बैठी है कि हरियाणा उस लड़की के साथ जाएगी। बेटी सातवीं तक पढ़ी है।

